Uttar Pradesh

UP MLC चुनाव के बाद अखिलेश पर ओपी राजभर का तंज, पूछा- राहुल गांधी को बधाई दी या नहीं?

UP Politics : उत्तर प्रदेश में विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को बधाई दी, लेकिन इसके साथ ही कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. राजभर ने गठबंधन में आपसी सहयोग को लेकर सवाल उठाते हुए कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर तंज कसा.

सोशल मीडिया मंच एक्स पर राजभर ने लिखा, “अखिलेश जी, एमएलसी चुनाव के नतीजों में आपकी पार्टी के प्रदर्शन की आपको बहुत बधाई. वैसे ये बताइए, अपने मित्र राहुल जी को बधाई दिए या नहीं?” उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को प्रत्याशी तक नहीं मिला और जहां उम्मीदवार मैदान में था, वहां नतीजा शून्य रहा. राजभर ने कांग्रेस शासित कर्नाटक का जिक्र करते हुए भी राहुल गांधी पर निशाना साधा.

सीट बंटवारे को लेकर अखिलेश को दी नसीहत

राजभर ने अपने संदेश में उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को 200 से ज्यादा सीटें चाहिए, उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब कांग्रेस सपा से सीटें मांगे, तो उसे एमएलसी चुनाव में अपना प्रदर्शन याद दिलाया जाए.

उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि विधान परिषद चुनाव के दौरान कांग्रेस का कोई नेता सपा उम्मीदवारों के समर्थन में एक दिन भी मैदान में खड़ा हुआ या नहीं. राजभर के मुताबिक, कांग्रेस खुद को सपा का बड़ा भाई मानती है, लेकिन चुनाव के समय सहयोग नजर नहीं आया.

हिस्सा चाहिए आधा, समर्थन ज़ीरो

अपने बयान के अंत में राजभर ने लिखा, “यानी हिस्सा चाहिए ‘आधा’ और समर्थन देंगे ‘ज़ीरो’. बड़ी नाइंसाफी है महाराज. भाईचारा मुबारक!”

राजभर की इस टिप्पणी ने सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन में सीटों के बंटवारे तथा आपसी सहयोग को लेकर चर्चा तेज कर दी है. उनके बयान का केंद्र यह सवाल रहा कि गठबंधन में सीटों की मांग के साथ चुनावी समर्थन की जिम्मेदारी भी बराबर निभाई जा रही है या नहीं.

ये भी पढ़ें- भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को UAE का बड़ा सम्मान, राष्ट्रपति ने गले लगाकर दी बधाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button