Nagpur MLC Election : महाराष्ट्र के नागपुर में विधान परिषद की स्नातक सीट पर मुकाबले का नतीजा आखिरी दौर में बदल गया. शुरुआती बढ़त के बाद बीजेपी उम्मीदवार सुधाकर कोहाले पीछे रह गए और कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी अभिजीत वंजारी ने लगातार दूसरी बार इस सीट पर जीत दर्ज कर ली. करीब 40 घंटे से अधिक चली मतगणना के बाद गुरुवार तड़के नतीजा सामने आया.
अभिजीत वंजारी को कुल 67,231 वोट मिले, जबकि बीजेपी के पूर्व विधायक सुधाकर कोहाले को 63,960 वोट प्राप्त हुए. इस तरह वंजारी ने 3,271 वोटों के अंतर से जीत हासिल की. यह मुकाबला इसलिए भी चर्चा में रहा, क्योंकि नागपुर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का गृह नगर है. दोनों नेताओं ने बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार किया था.
दूसरे दौर में आगे थी बीजेपी
मतगणना के दूसरे दौर तक सुधाकर कोहाले ने कांग्रेस उम्मीदवार पर 4,294 वोटों की बढ़त बना ली थी. उस समय कोहाले को 60,924 वोट मिले थे, जबकि अभिजीत वंजारी के खाते में 56,630 वोट आए थे. निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराले को 24,249 वोट मिले थे.
हालांकि, पहली वरीयता के वोटों की गिनती के बाद किसी भी उम्मीदवार को जीत के लिए जरूरी मतों का कोटा नहीं मिल सका. इसके बाद दूसरी वरीयता के वोटों और उम्मीदवारों के बाहर होने के बाद होने वाली मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई. इसी चरण में मुकाबले की तस्वीर बदल गई और वंजारी ने बढ़त हासिल कर ली.
दूसरी बार जीते अभिजीत वंजारी
अभिजीत वंजारी ने इससे पहले 2020 के चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार संदीप जोशी को हराकर यह सीट जीती थी. इस बार भी उन्होंने जीत दोहराकर नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपना प्रतिनिधित्व बरकरार रखा.
ये भी पढ़ें- भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को UAE का बड़ा सम्मान, राष्ट्रपति ने गले लगाकर दी बधाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









