Punjab

पंजाब में नशे के खिलाफ CM भगवंत मान का नया कदम, 67.16 लाख रुपये की लागत से बना खेल मैदान युवाओं को समर्पित

Punjab News : पंजाब में नशों के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने खेलों को मजबूत हथियार बनाने की बात कही है, उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशों से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक गतिविधियों की ओर लगाने के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार कर रही है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित खेल मैदान लोगों को समर्पित किया.

इस मौके पर भगवंत सिंह मान ने कहा कि नशों के खिलाफ लड़ाई केवल कानून लागू करने से नहीं जीती जा सकती, बल्कि इसके लिए सामाजिक स्तर पर लगातार प्रयास करने की जरूरत है. खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं. सरकार का उद्देश्य युवाओं को नशों के जाल से दूर रखकर खेल, फिटनेस और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर गांव में अच्छी शिक्षा के लिए स्कूल और खेलों के लिए सुविधाओं से लैस मैदान होना चाहिए, उन्होंने जोर दिया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेल सुविधाएं मिलने से बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने गांव, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं.

67.16 लाख रुपये से तैयार हुआ आधुनिक खेल मैदान

मुख्यमंत्री के मुताबिक, नवनिर्मित खेल मैदान को 67.16 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है. इसमें वॉलीबॉल कोर्ट, फुटबॉल मैदान, छह ट्रैक वाला 400 मीटर रनिंग ट्रैक और क्रिकेट पिच बनाई गई है. इसके अलावा चेन-लिंक फेंसिंग, चारदीवारी और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं. भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये सुविधाएं उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेलों में आगे बढ़ने का अवसर देंगी.

‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान से जोड़ेंगे युवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल मैदान केवल खेल गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे के केंद्र भी हैं. सरकार की ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम के तहत युवाओं को खेलों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि पंजाब का खेलों में शानदार इतिहास रहा है और सरकार प्रदेश को फिर से खेलों के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है. हर प्रतिभाशाली बच्चे को आर्थिक पृष्ठभूमि और क्षेत्र की परवाह किए बिना समान अवसर और बेहतर खेल सुविधाएं मिलनी चाहिए.

ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button