Uttar Pradesh

CM योगी का सपा पर हमला, गोंडा को 520 करोड़ की 69 विकास परियोजनाओं की सौगात

UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला, उन्होंने कहा कि किसी सपाई और किसी कसाई को मां दुर्गा की पूजा से परेशानी होती है तो अपने घर में शोक मनाओ, लेकिन किसी को परेशान मत करो. मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश के लिए शाप बताते हुए कहा कि यह पार्टी जब भी सत्ता में आई, प्रदेश में तबाही मचाई, उन्होंने कहा कि भाजपा आस्था को सम्मान देने वाली पार्टी है, जबकि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का मतलब अपराध है. वे बदमाश लाते हैं और हम बदलाव लाते हैं.

मुख्यमंत्री गोंडा में 520 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 69 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 7 नवंबर को अयोध्या में दीपोत्सव का दसवां संस्करण आयोजित होगा। दीपोत्सव की रोशनी विकास के रूप में गोंडा और पूरे देवीपाटन मंडल तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि आज गोंडा में दिखाई दे रहा विकास इसी बदलाव का परिणाम है।

पूजा और कांवड़ यात्रा पर लगती थीं पाबंदियां

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली समाजवादी पार्टी सरकार में देवीपाटन मंडल के कई स्थानों पर मां दुर्गा पूजा के पंडालों को विवादित बनाया जाता था और पूजा की अनुमति नहीं मिलती थी। उन्होंने कहा कि इस बार नवरात्र में पूरे प्रदेश में 67 हजार मूर्तियां स्थापित की गईं। गोंडा कमिश्नरी में उन्होंने निर्देश दिया था कि मूर्ति स्थापना के लिए अनुमति मांगने की जरूरत नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा पर रोक लगाने का भी आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच कांवड़ यात्रा में 4.5 करोड़ श्रद्धालु शामिल हुए। नवरात्र के दौरान भी पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण माहौल रहा। आज उत्तर प्रदेश कर्फ्यू और दंगा मुक्त है।

रामभक्तों पर गोली चलाने का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने 2 नवंबर 1990 की अयोध्या घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दिन राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार ने रामभक्तों पर गोली चलवाई थी। उन्होंने कहा कि हमने रामभक्तों पर पुष्प वर्षा करके अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। अयोध्या का विकास आगे बढ़ाया और दीपोत्सव के माध्यम से विकास की रोशनी गोंडा तक पहुंचाने का काम किया।

16 हजार करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि दस वर्ष पहले गोंडा से देवीपाटन स्थित मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ पहुंचने में ढाई से तीन घंटे लगते थे। सड़कें खराब थीं, विकास कार्य ठप थे, नौजवान बेरोजगार थे और किसान परेशान थे। वर्ष 2016 के स्वच्छ सर्वेक्षण में गोंडा देश के सबसे गंदे शहरों में शामिल था।

उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में अकेले गोंडा जिले के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। वहीं पूरे देवीपाटन मंडल के लिए लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। कुछ परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि कई पर काम जारी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 में आयोजित यूपी इन्वेस्टर्स समिट के दौरान गोंडा के लिए तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे। इनमें से सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अब पराली और गोबर से भी कमाई होगी। कंप्रेस्ड बायोगैस के माध्यम से प्रत्येक जनपद में इथेनॉल उत्पादन के काम को आगे बढ़ाया जा रहा है।

मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय से बदलेगी तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा में महाराजा देवी बख्श सिंह के नाम पर मेडिकल कॉलेज और बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो चुका है। बलरामपुर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है। देवीपाटन मंडल में विश्वविद्यालय की स्थापना भी इसी बदलाव का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अब यहां के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे।

सभी 75 जिलों में हो रहा विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विकास का मतलब केवल सैफई होता था, लेकिन अब प्रदेश के सभी 75 जनपदों, 350 तहसीलों, 825 विकास खंडों और 762 नगर निकायों में विकास कार्य हो रहे हैं। अब बिजली केवल रामपुर और सैफई में नहीं, बल्कि गोंडा, बलरामपुर और बहराइच में भी मिल रही है। राशन वितरण में भेदभाव नहीं होता और हर जरूरतमंद को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले गरीब परिवारों को एक भरा हुआ रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त देने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गरीबों को उपचार के लिए भटकना नहीं पड़ता। प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड और मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से इलाज के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के कारण गोंडा के युवाओं को भी नियुक्तियां मिल रही हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को रोजगार के लिए बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली न जाना पड़े, बल्कि अपने जिले में ही रोजगार के अवसर मिलें।

एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देने की कार्ययोजना तैयार की गई है। अब तक 12 से 15 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। इसी सप्ताह साढ़े चार हजार सब इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबलों और इसके बाद 42 हजार होमगार्ड जवानों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके अलावा शिक्षकों, अधीनस्थ सेवाओं और अन्य विभागों में 25 से 30 हजार नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे डिप्टी एसपी का पद दिया गया है। वहीं, चार वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद लौटने वाले अग्निवीरों को पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन विभाग और कारागार समेत प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। उन्हें बिना परीक्षा सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति देने की व्यवस्था की जाएगी।

माफिया को लेकर भी दी चेतावनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गौरा, मनकापुर, गोंडा, मेहनौन, करनैलगंज और कटरा में किसी भी विकास योजना को कोई हाईजैक नहीं कर सकता। माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई है और बेटी तथा व्यापारियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम के अलावा कोई तीसरा रास्ता नहीं है।

आस्था के केंद्रों का हो रहा पुनरुद्धार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा आस्था को सम्मान देने वाली पार्टी है। बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर, स्वामीनारायण छपिया और वाराही देवी मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों के पुनरुद्धार, सौंदर्यीकरण और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने 7 नवंबर को अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव में लोगों से शामिल होने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग अपने गांव, घर और नजदीकी धार्मिक स्थल पर एक दीपक जलाएं। किसी गरीब के घर, दलित बस्ती, मलिन बस्ती या जरूरतमंद और दिव्यांगजन को दीपक अथवा उपहार दें। उन्होंने इसे ईश्वर को दिया गया उपहार बताया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, मनकापुर विधायक एवं पूर्व मंत्री रमापति शास्त्री, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडे, करनैलगंज विधायक अजय सिंह, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य अवधेश सिंह और मंजू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र तथा भाजपा जिला अध्यक्ष इकबाल बहादुर तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button