Azam Khan : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं. मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की गिरफ्तारी के खिलाफ उन्होंने अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. सोमवार, 2 नवंबर को उनके वकील निजाम पाशा ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के सामने याचिका का मामला उठाया. आजम खान की ओर से इस पर जल्द सुनवाई करने की मांग की गई.
सुनवाई की मांग पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने शुरुआत में कहा कि आजम खान को इस मामले में पहले हाईकोर्ट जाना चाहिए. हालांकि, उनके वकील के अनुरोध के बाद अदालत ने याचिका को इसी सप्ताह सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने की बात कही. अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं.
ईडी की हिरासत में जा सकते हैं आजम खान
इस बीच आजम खान से पूछताछ को लेकर ईडी की अगली कार्रवाई भी चर्चा में है. सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी दिवाली के बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ करने के लिए अर्जी दाखिल कर सकती है. रिमांड मंजूर होने पर आजम खान को लखनऊ स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय लाया जा सकता है. यहां जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में खर्च हुए करीब 430 करोड़ रुपये के स्रोत की जानकारी जुटाई जाएगी.
430 करोड़ रुपये के खर्च पर जांच
आपको बता दें कि आजम खान पर आरोप है कि रामपुर में सार्वजनिक कार्यों के लिए सरकार से मिले धन और सामग्री का इस्तेमाल निजी जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में किया गया. आजम खान इस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति भी हैं. ईडी पहले भी इस मामले में उनसे पूछताछ कर चुकी है. हालांकि, एजेंसी को उनके जवाबों से संतुष्टि नहीं मिली थी. जेल से रिहा होने के बाद ईडी ने उन्हें इसी मामले में गिरफ्तार कर लिया था. अब सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका और ईडी की संभावित रिमांड अर्जी से इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई महत्वपूर्ण हो गई है.
ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









