Dewas News : मध्य प्रदेश का देवास जिला एक बार फिर अवैध शराब के मामले को लेकर सुर्खियों में है. जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की जान जाने के बाद पुलिस लगातार तस्करी के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी. इसी बीच शराब के अवैध कारोबार को रोकने निकले एक थाना प्रभारी की जान चली गई. आरोप है कि जांच के दौरान शराब से भरे मिनी ट्रक के चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिस अधिकारी को ही कुचल दिया. इस घटना ने जिले में सक्रिय शराब तस्करी के नेटवर्क पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह घटना खातेगांव-नेमावर मार्ग की है. रात के समय पुलिस ने वाहनों की जांच के लिए नाकाबंदी कर रखी थी. खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी भी अपने पुलिसकर्मियों के साथ ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान उन्होंने एक मिनी ट्रक को रोकने का प्रयास किया. लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे थाना प्रभारी पर चढ़ा दिया. ट्रक का पहिया उनके सिर और सीने के हिस्से को कुचलता हुआ निकल गया.
साथ मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए. उन्हें सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की गई, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी.
वाहन छोड़कर भागा चालक
घटना के बाद चालक ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर दूसरी तरफ ले गया. पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह संदलपुर में वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में हरदा के राहुल जायसवाल और देवास के कुछ शराब तस्करों के नाम भी सामने आए हैं.
13 मौतों के बाद भी शराब तस्करी जारी
गौरतलब है कि 6 से 11 अक्टूबर के बीच देवास के चंदाना और बिजाना गांवों में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हुई थी. जांच में नकली शराब तैयार करने के लिए इंदौर से रसायन मंगाए जाने की बात सामने आई थी. इस मामले में मुख्य आरोपी अजय राठौर समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया. आबकारी विभाग के तीन अधिकारियों को निलंबित किया गया, जबकि देवास के तत्कालीन कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी पद से हटा दिया गया था. अब थाना प्रभारी की मौत ने जिले में अवैध शराब के कारोबार की गंभीरता को फिर सामने ला दिया है.
ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









