Madhya Pradesh

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर घमासान, स्टेडियम को लेकर कांग्रेस-नगर निगम आमने-सामने

Rahul Gandhi : इंदौर में राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और नगर निगम के बीच जारी खींचतान अब मुख्यमंत्री तक पहुंच गई है. 12 सितंबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा है, उन्होंने मुख्यमंत्री से स्टेडियम कार्यक्रम के लिए उपलब्ध कराने का आग्रह किया है.

पटवारी ने अपने पत्र में कहा कि राहुल गांधी का यह कार्यक्रम कोई सामान्य राजनीतिक आयोजन नहीं है. उनके मुताबिक, इसमें देश के भविष्य, युवाओं के सपनों, शिक्षा के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जनसंवाद होना है.

मुख्यमंत्री से तत्काल संज्ञान लेने का आग्रह

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से कहा कि सरकार को कार्यक्रम की भावना, उपयोगिता और इसके व्यापक सामाजिक एवं राष्ट्रीय महत्व को ध्यान में रखना चाहिए, उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के संवैधानिक पद पर हैं और विद्यार्थियों व युवाओं के साथ उनके संवाद के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराया जाना कार्यक्रम के महत्व के अनुरूप होगा.

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से कांग्रेस के प्रस्ताव पर तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश देने का आग्रह किया, ताकि कार्यक्रम के लिए स्टेडियम उपलब्ध हो सके.

स्टेडियम को लेकर क्या है विवाद?

इससे पहले इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा था कि नेहरू स्टेडियम को लेकर उच्च न्यायालय का स्पष्ट आदेश है. इसके तहत वहां खेलकूद गतिविधियों या राज्यस्तरीय शासकीय कार्यक्रमों के आयोजन की ही अनुमति दी जा सकती है. वहीं, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा था कि अगर राहुल गांधी के कार्यक्रम को स्टेडियम में अनुमति नहीं मिली तो आंदोलन किया जाएगा.

50 हजार विद्यार्थियों को जुटाने की तैयारी

आपको बता दें कि कांग्रेस ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में इंदौर और आसपास के इलाकों से 50,000 विद्यार्थियों को जुटाने का प्रयास कर रही है. विपक्षी दल इस अभियान के जरिए प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी को घेरने की कोशिश कर रहा है.

ये भी पढ़ें- भारत-चीन सीमा विवाद पर बड़ी बैठक, NSA अजीत डोभाल बीजिंग में वांग यी से करेंगे बातचीत, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button