Delhi NCR Weather : दिल्ली-NCR में गुरुवार, 15 अक्टूबर को तेज हवाओं और बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया. राजधानी के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद तापमान में गिरावट देखने को मिली. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मध्यम से भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में कुछ स्थानों पर 5 से 15 मिलीमीटर प्रति घंटे की दर से मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. दोपहर तक कई इलाकों में हल्की से तेज बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है.
अधिकतम तापमान 29 डिग्री रहने का अनुमान
गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है. वहीं, बारिश के कारण अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. इससे दिन के समय गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के इस दौर के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण की भूमिका हो सकती है.
दिल्ली की हवा की गुणवत्ता भी चर्चा में
बारिश के बीच राजधानी की वायु गुणवत्ता पर भी नजर बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 165 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है. मौसम विभाग ने दिन में बादल छाए रहने और बारिश जारी रहने की संभावना जताई है.
ये भी पढ़ें- हम आतंकवादी, गुंडे या माफिया नहीं, शांतिपूर्ण विरोध हमारा संवैधानिक अधिकार- संजय सिंह
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









