Bihar News : बिहार के भोजपुर जिले के आरा में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज हत्याकांड से हड़कंप मच गया. जैन कॉलेज के पास कनकपुरी मोहल्ले में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले 72 वर्षीय पूर्व कस्टम सुपरिंटेंडेंट रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उन्हें करीब आठ गोलियां मारीं. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. दिन की शुरुआत में हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है.
मृतक रामकुमार सिंह मूल रूप से भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के निवासी थे. वह लंबे समय से आरा के नवादा थाना क्षेत्र स्थित कनकपुरी मोहल्ले में मकान बनाकर रह रहे थे. सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद वह सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय थे.
सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे
जानकारी के मुताबिक, रामकुमार सिंह रोजाना की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान घर से करीब 150 मीटर की दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. गंभीर रूप से घायल रामकुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात के बाद फरार हुए हमलावर
गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही नवादा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ हमलावरों की पहचान करने में लगी है.
बता दें कि रामकुमार सिंह की हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात को किसने अंजाम दिया और इसके पीछे क्या वजह थी. नकाबपोश हमलावरों के फरार होने के बाद पुलिस की जांच आरोपियों की पहचान और हत्या के मकसद पर केंद्रित है. मामले में आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- हम आतंकवादी, गुंडे या माफिया नहीं, शांतिपूर्ण विरोध हमारा संवैधानिक अधिकार- संजय सिंह
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









