
Shiva Murder Case : लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे की तलाश तेज हो गई है। उसकी SUV उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में नेपाल सीमा के नजदीक रुपईडीहा इलाके में लावारिस हालत में खड़ी मिली है। वाहन मिलने के बाद श्रद्धा के नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस मामले में फरार आरोपियों की तलाश के साथ जांच आगे बढ़ा रही है।
श्रद्धा दुबे और उसकी बहन समेत कई आरोपी फरार
शिवा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि दुबे अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। दोनों के अलावा दो अन्य लोगों के भी फरार होने की जानकारी सामने आई है। श्रद्धा मूल रूप से रायबरेली शहर के मलिकमऊ इलाके की रहने वाली है और उसने शुरुआती पढ़ाई भी रायबरेली में ही की थी। बताया जा रहा है कि करीब दस दिन पहले वह फॉर्च्यूनर गाड़ी से रायबरेली पहुंची थी।
परिवार ने बेटी से संबंध होने से किया इनकार
श्रद्धा दुबे की मां पुष्पा दुबे का पहले ही निधन हो चुका है। उसके पिता एसपी दुबे ने दूसरी शादी कर ली थी। जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा अपनी बहन रश्मि के साथ रहती थी, जबकि उसका भाई पंकज दुबे सरकारी कर्मचारी है। श्रद्धा के पिता और उसकी सौतेली मां ने कैमरे के सामने आने से इनकार कर दिया। उन्होंने ऑफ रिकॉर्ड बातचीत में बेटी से कोई संबंध नहीं होने की बात कही।
9 अक्टूबर को अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी शिवा की मौत
यह मामला 9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में हुई कारोबारी शिवा शर्मा की मौत से जुड़ा है। शिवा की अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। बताया गया है कि वह पिछले चार महीने से श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। घटना के बाद शिवा के शरीर पर केवल अंडरवियर था। उसके चेहरे पर लिपस्टिक लगी मिली थी और शरीर के कई हिस्सों पर सिगरेट से जलाए जाने के निशान भी बताए गए हैं।
मां की शिकायत पर श्रद्धा समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा
शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने बेटे की मौत के मामले में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, ड्राइवर आदिल समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि श्रद्धा ने शिवा को अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से धक्का दिया था। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।
नेपाल सीमा के पास SUV मिलने के बाद तलाश तेज
रुपईडीहा में SUV मिलने के बाद पुलिस की जांच में यह पहलू भी महत्वपूर्ण हो गया है कि आरोपी नेपाल की ओर गई है या नहीं। फिलहाल श्रद्धा दुबे के नेपाल भागने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच करते हुए फरार लोगों की तलाश में जुटी है।
ये भी पढ़ें – “CJP को अमेरिका से हो रही है फंडिंग”, अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन का बड़ा दावा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









