Delhi Weather : दिल्ली में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. दोपहर से शाम तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. वहीं, बारिश के बाद अगले कुछ दिनों में तापमान बढ़ने का अनुमान है. दूसरी ओर, दिल्ली की हवा की गुणवत्ता भी बिगड़ रही है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे. दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की भी संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों के साथ इसकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है. रात में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं.
गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. सुबह दक्षिण-पूर्वी दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
तापमान में फिर हो सकती है बढ़ोतरी
बुधवार, 14 अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा. मयूर विहार में अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में इतनी ही गिरावट आने की संभावना है.
राजधानी में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ा
राजधानी में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ा है. बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 192 दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को यह 157 था। PM2.5 और PM10 का औसत स्तर भी बढ़ा है. इससे गले, नाक और आंखों में जलन जैसी परेशानियां हो सकती हैं. ऐसे में दिल्लीवासियों को बदलते मौसम के साथ हवा की गुणवत्ता पर भी नजर रखनी होगी.
ये भी पढ़ें- हम आतंकवादी, गुंडे या माफिया नहीं, शांतिपूर्ण विरोध हमारा संवैधानिक अधिकार- संजय सिंह
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









