Delhi NCR

INDIA गठबंधन के प्रदर्शन पर अभिजीत दीपके बोले- देशभर में बनेंगी जंतर-मंतर जैसी जगहें

Jantar Mantar : दिल्ली के जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाने का मुद्दा अब राजनीतिक बयानबाजी के केंद्र में आ गया है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके ने इस फैसले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है, उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन की तय जगह से हटाने के पीछे सरकार का डर साफ दिखाई देता है. दीपके ने दावा किया कि प्रदर्शन की जगह बदलने से विरोध की आवाज को दबाया नहीं जा सकेगा.

अभिजीत दीपके ने कहा कि सरकार को लगता है कि जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने पर विरोध प्रदर्शन रुक जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं होगा. उनके मुताबिक, देशभर में जंतर-मंतर जैसी दूसरी जगहें उभरेंगी, उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को परेशानी किसी खास जगह से नहीं, बल्कि विरोध प्रदर्शनों से है. गृह मंत्रालय के फैसले के तहत जंतर-मंतर की जगह तीन अन्य स्थान निर्धारित किए जाने की बात सामने आई है.

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन

CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है. मंगलवार सुबह करीब 9 बजे पार्टी नेता सौरव दास और आशुतोष रांका अपने समर्थकों के साथ जंतर-मंतर पहुंचे. यहां उन्होंने झंडे लेकर प्रदर्शन किया और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए. इसी दौरान पुलिस ने दोनों नेताओं और उनके साथ मौजूद कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

आशुतोष रांका और सौरव दास के प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया है. इसमें आशुतोष हाथ में झंडा लेकर नारे लगाते दिखाई देते हैं. अभिजीत दीपके ने भी आशुतोष की एक तस्वीर साझा की, जिसमें उनके हाथ में तिरंगा है और पुलिसकर्मी उन्हें पकड़े हुए हैं. तस्वीर के साथ दीपके ने लिखा, ‘जंतर-मंतर पर तिरंगा लहराते आशुतोष रांका.’

इससे पहले CJP ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था. प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया था. करीब 24 घंटे बाद उन्हें रिहा कर दिया गया था.

ये भी पढ़ें – जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थलों की सूची से बाहर, गृह मंत्रालय ने तय कीं 3 नई जगहें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button