Lucknow News : लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत की जांच में पुलिस ने तेजी बढ़ा दी है. मामले में CCTV फुटेज सामने आने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है. हजरतगंज पुलिस मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, ड्राइवर आमिर और दानिश समेत अन्य संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दे रही है. पुलिस अब उन लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है, जिन पर आरोपियों को शरण देने या फरार होने में मदद करने का संदेह है.
सामने आए CCTV फुटेज में एक व्यक्ति को ऊंचाई से नीचे गिरते देखा जा सकता है. बताया जा रहा है कि यह घटना अवध ग्रीन अपार्टमेंट की है, जहां से 28 वर्षीय कारोबारी शिवा शर्मा 9 अक्टूबर को चौथी मंजिल से गिर गए थे. फुटेज में गिरने की आवाज सुनकर राहगीर के रुकने और आसपास के लोगों के घटनास्थल की ओर दौड़ने का दृश्य दिखाई देता है. इसके बाद घायल कारोबारी को कार से अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, फुटेज से अपने आप यह स्पष्ट नहीं होता कि गिरने की वजह क्या थी.
श्रद्धा दुबे के पुराने मामलों की भी जांच
पुलिस श्रद्धा दुबे की पृष्ठभूमि, पुराने मुकदमों, बैंक खातों के लेनदेन और संदिग्ध संपर्कों की पड़ताल कर रही है. जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा ने हैदराबाद से एक्टिंग का कोर्स किया था और बाद में लखनऊ में मॉडलिंग करने लगी थी. कारोबारी के साथ उसके संबंधों और कथित विवादों को लेकर भी जांच की जा रही है. इससे पहले श्रद्धा ने हजरतगंज कोतवाली में शिवा शर्मा के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था.
मां ने लगाया हत्या का आरोप
वहीं, शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा दुबे पर बेटे को धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाया है. उनका दावा है कि श्रद्धा पिछले चार महीने से शिवा के साथ लिव-इन में रह रही थी और कथित तौर पर ब्लैकमेल करती थी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर श्रद्धा, उसकी बहन और ड्राइवर समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है.
पुलिस फ्लैट से बरामद वस्तुओं और चैट्स की जांच करते हुए पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. फिलहाल, मौत की परिस्थितियों और आरोपों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों से ही हो सकेगी.
ये भी पढ़ें – जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थलों की सूची से बाहर, गृह मंत्रालय ने तय कीं 3 नई जगहें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









