Delhi NCRUttar Pradeshक्राइमराज्य

Noida में एक दर्जन के करीब स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस

Noida School Bomb Threat : नोएडा में सोमवार, 12 अक्टूबर को स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले करीब एक दर्जन स्कूलों को ई-मेल के जरिए धमकी मिलने की सूचना है. मामला सामने आते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गए. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित स्कूलों में तलाशी अभियान शुरू किया गया. बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, एंटी-सबोटाज चेकिंग टीम और फायर ब्रिगेड को भी जांच में लगाया गया.

जानकारी के मुताबिक, धमकी मिलने वाले स्कूलों में सेक्टर-16 स्थित एपीजे स्कूल, स्टेप बाय स्टेप और डीपीएस जीबीएन समेत अन्य संस्थान शामिल बताए जा रहे हैं. ई-मेल मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन, विद्यार्थियों और अभिभावकों में चिंता फैल गई. एहतियात के तौर पर कुछ स्कूलों ने बच्चों को घर भेजना भी शुरू कर दिया, ताकि किसी संभावित खतरे से बचा जा सके.

स्कूल परिसरों की सघन तलाशी

गौतमबुद्धनगर पुलिस के अनुसार, धमकी की सूचना मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी. स्कूलों के अलग-अलग हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली गई. शुरुआती जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या ऐसा तथ्य सामने नहीं आया है, जिससे वास्तविक खतरे की पुष्टि हो सके.

पुलिस ने धमकी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी है. साइबर टीम ई-मेल के तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि धमकी भेजने वाले व्यक्ति या स्रोत का पता लगाया जा सके. फिलहाल, धमकी के पीछे की मंशा को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है.

पुलिस ने बताया कि अभी स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था बनी हुई है. साथ ही अभिभावकों और आम लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें.

ये भी पढ़ें – जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थलों की सूची से बाहर, गृह मंत्रालय ने तय कीं 3 नई जगहें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button