Uttar Pradesh

UP में त्योहारों से पहले योगी सरकार के सख्त निर्देश, साफ-सफाई से लेकर बिजली आपूर्ति तक पर रहेगी नजर

UP News : उत्तर प्रदेश में दशहरा, दीपावली समेत आगामी त्योहारों को देखते हुए योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं. प्रदेशवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों को जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है.

मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में व्यापक साफ-सफाई कराने, सड़कों को गड्ढामुक्त करने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा कूड़ा निस्तारण, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है. मंदिरों, पूजा पंडालों और मूर्ति विसर्जन मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ सड़कों की मरम्मत समय से पूरी करने के निर्देश भी दिए गए हैं. नगर आयुक्तों को तैयारियों की नियमित निगरानी करने को कहा गया है.

बिजली व्यवस्था पर रहेगी विशेष नजर

त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति और विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम को प्राथमिकता दी गई है. मंत्री ने पूजा पंडालों का निरीक्षण कर विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने और जुलूस व शोभायात्राओं के मार्गों पर बिजली के तारों का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं. ढीले या नीचे लटके तारों को तत्काल ठीक करने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है.

रात में भी होगी बिजली आपूर्ति की निगरानी

ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि त्योहारों के दौरान रात में भी बिजली आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि किसी क्षेत्र में आपूर्ति बाधित न हो. इसके साथ ही कुशल संविदा कर्मियों को दोबारा सेवा में रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, जिससे विद्युत व्यवस्था के संचालन और रखरखाव में अनुभवी कर्मचारियों की सेवाएं ली जा सकें.

योगी सरकार ने आगामी त्योहारों को देखते हुए साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, जल निकासी और बिजली सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने पर जोर दिया है.

ये भी पढ़ें- ट्रम्प का जेलेंस्की पर बड़ा हमला, बोले- यूक्रेन को नया राष्ट्रपति चुनना चाहिए, रूस से डीजल डील पर बड़ा फैसला, भड़के जेलेंस्की

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button