Madhya Pradeshराज्य

उज्जैन महाकाल मंदिर के नागचंद्रेश्वर मंदिर में भगदड़ जैसे हालात, कई श्रद्धालु गिरे

Ujjain News : सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के संयोग पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. भगवान महाकाल के दर्शन के साथ साल में सिर्फ एक बार खुलने वाले नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे. इसी दौरान हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले इलाके में अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया. इससे कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए.

भीड़ का दबाव बढ़ने के बाद कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई. कुछ लोगों के गिरने और बेहोश होने की जानकारी सामने आई. मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और परिजनों ने लोगों को भीड़ से बाहर निकाला. इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, घटना में 13 श्रद्धालुओं के घायल होने की बात सामने आई है.

नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए उमड़ी भीड़

सावन के तीसरे सोमवार पर महाकाल के साथ नागचंद्रेश्वर मंदिर के विशेष दर्शन को लेकर सुबह से ही मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी हुई थी. नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट साल में केवल एक बार खुलते हैं. ऐसे में यहां दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में भक्त उज्जैन पहुंचे.

मंदिर से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, अब तक करीब 6.19 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. मंदिर के अलग-अलग मार्गों पर लंबी कतारें भी देखने को मिलीं.

मंदिर समिति ने भ्रामक खबरों से किया सावधान

महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने मंदिर में अफरातफरी और अव्यवस्था से जुड़ी कुछ खबरों को भ्रामक बताया है. समिति के मुताबिक, नाग पंचमी, सावन सोमवार और भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी एक ही दिन होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या काफी ज्यादा रही.

मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें. साथ ही अपुष्ट या भ्रामक खबरों को आगे साझा करने से बचने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें- TMC के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की संदिग्ध मौत, पार्टी के कामकाज पर उठाए सवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button