विदेश

थाईलैंड में भीषण आग से बड़ा हादसा, बाइक शोरूम और रिहायशी इमारत में 11 लोगों की मौत, 17 घायल

Thailand Fire : थाईलैंड के पर्यटन शहर फुकेत में सोमवार तड़के एक दर्दनाक अग्निकांड हुआ. यहां मोटरसाइकिल किराए पर देने वाली दुकान और उससे जुड़ी रिहायशी इमारत में आग लगने से 11 लोगों की जान चली गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए. हादसा सुबह करीब 2 बजे हुआ. आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में रहने वाले लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिला. दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

जानकारी के मुताबिक, इमारत के निचले हिस्से में मोटरसाइकिल किराए पर देने की दुकान थी और ऊपर की मंजिलों पर लोग रहते थे. दुकान में करीब 100 मोटरसाइकिलें खड़ी थीं. इसके अलावा गैस, इंजन ऑयल, प्लास्टिक का सामान और टायर भी रखे हुए थे. अधिकारियों का मानना है कि ज्वलनशील सामग्री की वजह से आग तेजी से फैल गई. जहरीले धुएं ने भी इमारत में फंसे लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं.

पांचवीं मंजिल पर मिले 10 लोगों के शव

फुकेत के गवर्नर चोडनारिन कोएडसोम के मुताबिक, आग से बचने के लिए कई लोग इमारत की ऊपरी मंजिलों की तरफ भागे थे. बचाव अभियान के दौरान तीसरी मंजिल से एक शव मिला, जबकि पांचवीं मंजिल से 10 लोगों के शव बरामद किए गए. हादसे में घायल हुए 17 लोगों को मामूली चोटें आई हैं. प्रशासन सभी प्रभावित लोगों की जानकारी जुटा रहा है.

फुकेत के पुलिस कमांडर सुराचाई सुकसाई ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे से कुछ समय पहले इमारत के पास लगा बिजली का ट्रांसफॉर्मर फटा था. हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि ट्रांसफॉर्मर में विस्फोट ही आग लगने की वजह बना. पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- छठ पूजा में भेदभाव देखने वाले विपक्षी नेता समाज और संस्कृति के दुश्मन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button