Imran Khan News : अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस की ओर से भारत छोड़ने का नोटिस दिए जाने के मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन का जिक्र करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा. दीपके ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि अमेरिकी नागरिक मैरी मिलबेन बीजेपी के पक्ष में बोल सकती हैं, लेकिन ओसीआई कार्डधारक इमरान खान बीजेपी के खिलाफ कुछ नहीं कह सकते. अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने सलामी का इमोजी भी लगाया.
यह मामला 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है. प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. यह आंदोलन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े विवाद के विरोध में आयोजित किया गया था. इसी प्रदर्शन में अभिनेता इमरान खान भी शामिल हुए थे.
प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने इमरान खान समेत कई लोगों को हिरासत में लिया था. पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाते हुए बैरिकेडिंग भी की थी. बाद में इमरान को रिहा कर दिया गया. पुलिस ने इस मामले में इमरान खान और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की थी.
इमिग्रेशन कानून के तहत कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं, बल्कि अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है. प्रदर्शन में शामिल होने के मामले में उनके खिलाफ इमिग्रेशन कानून की धारा 7 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है, उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इमरान ने नोटिस की प्रति प्राप्त कर ली है.
अभिजीत दीपके ने क्या कहा?
वहीं, अभिजीत दीपके ने मैरी मिलबेन और इमरान खान का जिक्र करते हुए राजनीतिक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठाया. उनकी पोस्ट को इमरान के खिलाफ हुई कार्रवाई पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है. नोटिस जारी होने के बाद यह मामला राजनीतिक और सोशल मीडिया चर्चा का विषय बन गया है.
ये भी पढ़ें- हम आतंकवादी, गुंडे या माफिया नहीं, शांतिपूर्ण विरोध हमारा संवैधानिक अधिकार- संजय सिंह
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









