Madhya Pradesh

ट्रेन में अचानक बिगड़ी 20 बच्चों की तबीयत, खंडवा स्टेशन पर मचा हड़कंप

मध्य प्रदेश के खंडवा रेलवे स्टेशन पर मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस में सफर कर रहे 15 से 20 बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत हुई। पेंट्री कार के खाने से फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई। डॉक्टरों ने स्टेशन पर ही बच्चों का इलाज किया और फिलहाल सभी की हालत नियंत्रण में बताई जा रही है।

Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश के खंडवा रेलवे स्टेशन पर देर रात मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस (12618) में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन में यात्रा कर रहे करीब 15 से 20 बच्चों की अचानक तबीयत खराब हो गई। ये सभी बच्चे एक मिशनरी स्कूल से जुड़े बताए जा रहे हैं और ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से एर्नाकुलम, कोच्चि की ओर जा रही थी।

खाना खाने के बाद शुरू हुई परेशानी

जानकारी के मुताबिक, बच्चों ने ट्रेन की पेंट्री कार से भोजन किया था। इसके कुछ समय बाद कई बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी जैसी समस्याएं होने लगीं। बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलने के बाद रेलवे अधिकारियों और प्रशासन में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई।

स्टेशन पर डॉक्टरों ने दिया प्राथमिक उपचार

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम खंडवा रेलवे स्टेशन पहुंची। डॉक्टरों ने बच्चों की जांच कर स्टेशन पर ही प्राथमिक उपचार शुरू किया। रेलवे के मेडिकल स्टाफ ने भी इलाज में सहयोग किया और बच्चों की हालत पर लगातार नजर रखी गई।

जांच के बाद सामने आएगी वजह

मौके पर सीएसपी अभिनव वारंगे, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर और सिविल सर्जन अनिरुद्ध कौशल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। इलाज के बाद बच्चों को ट्रेन में ही रखा गया और रेलवे डॉक्टरों की निगरानी में ट्रेन आगे रवाना हुई। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति नियंत्रण में है। घटना की असली वजह जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।

ये भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ का रौद्र रूप, बालकनी में खड़े लोगों ने देखा मौत का मंजर, अब तक 633 मौत 2500 से अधिक लापता

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button