MP Illegal Alcohol Case : मध्य प्रदेश के सागर जिले में कथित जहरीली शराब पीने का मामला सामने आया है। इस घटना में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 35 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है।
डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल पहुंचे कई मरीजों के शरीर नीले पड़ गए थे और उन्हें शरीर में अकड़न जैसी समस्याएं महसूस हो रही थीं। कुछ मरीजों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
चार गांवों में फैला असर
बताया जा रहा है कि शनिवार रात घूघर, नौराज, बराज और आसपास के इलाकों के कुछ लोगों ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कई लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में चार गांवों के लोग शामिल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, बमुराबेड़ा गांव में भी कई मौतें हुई हैं।
प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
घटना के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। सागर क्षेत्र की छह शराब दुकानों को सील कर दिया गया है और शराब के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रशासन ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी व्यक्ति ने पिछले 24 से 48 घंटे में शराब का सेवन किया है और कोई परेशानी महसूस हो रही है तो तुरंत जांच कराएं।
प्रभावित लोगों की स्क्रीनिंग जारी
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। शराब पीने वाले लोगों को अस्पताल लाकर जांच की जा रही है, ताकि समय रहते इलाज शुरू किया जा सके। कलेक्टर ने बताया कि चिकित्सा दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत के अनुसार मेडिकल व प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं।
मौत के कारणों की जांच जारी
प्रशासन मामले की जांच कर रहा है कि मौतें जहरीली शराब के सेवन से हुई हैं या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस और संबंधित विभाग अवैध शराब के नेटवर्क की जांच में जुटे हैं। मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ का कहर, 1,344 मौतें, 5 हजार लापता, टूरिज्म सेक्टर को बड़ा झटका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









