Madhya Pradesh

ग्वालियर में बेकाबू ट्रक का कहर, दर्दनाक हादसे में 13 की मौत, कई घायल

Gwalior Accident : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार, 18 अक्टूबर की देर रात शीतला माता मंदिर रोड पर भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर मौजूद श्रद्धालुओं और कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल बताए जा रहे हैं. मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. घायलों में दो पुलिसकर्मी भी हैं. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया.

जानकारी के मुताबिक, ट्रक तेज रफ्तार में था और अचानक अनियंत्रित होकर मंदिर की बाहरी दीवार से जा टकराया. टक्कर इतनी तेज थी कि दीवार गिर गई. इसके बाद मलबे में 40 से 50 लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई. पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुट गए.

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई हादसे की भयावहता

एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, हादसा रात करीब एक बजे हुआ. प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि ट्रक अचानक आया और रास्ते में मौजूद लोगों के साथ कई दुकानों को भी अपनी चपेट में लेता चला गया. प्रत्यक्षदर्शी ने कुछ लोगों को मौके पर ही दम तोड़ते देखा. उसने यह भी दावा किया कि ट्रक में क्षमता से अधिक सामान लदा हुआ था. हादसे में उसके भाई को भी चोटें आई हैं.

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है. अस्पताल में भी घायलों के पहुंचने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया. डॉक्टर सुधीर सक्सेना के मुताबिक, उनके अस्पताल में 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि चार से पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- Honey Singh ने महाराष्ट्र साइबर पुलिस से मांगी माफी, कॉन्सर्ट में टिप्पणी पर छिड़ा था विवाद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button