Uttar Pradeshमौसम

बारिश के बाद बढ़ी ठंड, 4 डिग्री गिरा पारा, अब इन 24 जिलों में फिर होगी बारिश

UP Weather : उत्तर प्रदेश में दो दिन तक हुई झमाझम बारिश और तेज आंधी ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. दिन में बारिश और ठंडी हवाओं के बाद अब सुबह और शाम के वक्त ठंड महसूस होने लगी है. पिछले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. ऐसे में सवाल है कि क्या ठंड का असर अब और बढ़ने वाला है या फिर मौसम एक बार फिर करवट लेगा?

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार 31 अक्टूबर से प्रदेश में बारिश की रफ्तार धीमी पड़ने लगेगी. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर और रामपुर समेत पश्चिमी हिस्से के कई जिलों में बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है. अब यहां आसमान साफ होने और धूप निकलने की संभावना है.

पूर्वांचल में बारिश का सिलसिला जारी

वहीं, पूर्वांचल के जिलों में अभी बारिश का सिलसिला पूरी तरह थमने वाला नहीं है. गोरखपुर और कुशीनगर समेत 24 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं. यानी प्रदेश के एक हिस्से में जहां लोगों को धूप देखने को मिलेगी, वहीं दूसरे हिस्से में बादल बरस सकते हैं.

राजधानी लखनऊ में भी मौसम का बदला मिजाज देखने को मिल रहा है. शनिवार सुबह से कई इलाकों में घने बादल छाए हुए हैं और कुछ स्थानों पर बारिश भी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर बारिश की संभावना बनी रह सकती है. यहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हालांकि, शाम तक बादलों का असर कम हो सकता है और रविवार 1 नवंबर को मौसम साफ रहने की संभावना है.

3 नवंबर से मौसम होगा शुष्क

आने वाले दिनों में पश्चिमी यूपी में 5 नवंबर तक बारिश के आसार नहीं हैं. वहीं, पूर्वांचल में 2 नवंबर तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद 3 नवंबर से वहां भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री तक गिरावट आई है. हालांकि, अब तापमान में 5 से 7 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है.

ये भी पढ़ें- दीपावली-छठ पर योगी सरकार का तोहफा, 12 दिन तक चलेंगी अतिरिक्त रोडवेज बसें, त्योहारों पर घर पहुंचना होगा आसान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button