Akhilesh Yadav : बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी अब सियासी विवाद का रूप लेती जा रही है. उनके बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कड़ी नाराजगी जताई है. अखिलेश ने न सिर्फ धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधा, बल्कि उनके सभी कार्यक्रम रद्द करने और भविष्य में नए आयोजनों की अनुमति नहीं देने की मांग भी उठाई है.
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मानवीय भूलों के लिए क्षमा किया जा सकता है, लेकिन ईशनिंदा के लिए कभी नहीं, उन्होंने लिखा कि ऐसे लोगों पर आजीवन प्रतिबंध लगाना ही समाज के हित में होगा.
धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम हों रद्द
सपा प्रमुख ने मांग की कि पूरे देश में धीरेंद्र शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द किए जाएं और उन्हें आगे किसी भी कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति न दी जाए. इसके साथ ही उन्होंने सच्चे सनातनियों से उनके सार्वजनिक बहिष्कार की अपील की. अखिलेश ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति अपने अहंकार में खुद को ईश्वर से ऊपर समझने लगे, तो यह उचित नहीं है.
अखिलेश यादव ने धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दुर्भावना से भरा व्यक्ति जीवनभर एकांतवास में रहकर पश्चाताप करे, तब भी उसे आसानी से क्षमा नहीं किया जा सकता.
राम-कृष्ण पर टिप्पणी से विवाद
दरअसल, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें वह भगवान श्रीराम को सीधा और भगवान श्रीकृष्ण को टेढ़ी लीला वाला बताते सुनाई दे रहे हैं. इसी टिप्पणी के बाद विवाद शुरू हुआ. हालांकि, विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने अपने बयान पर सफाई भी दी है.
अब इस मामले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. अखिलेश यादव ने जहां इसे सनातन धर्म को बांटने की साजिश बताया है, वहीं वैधानिक कार्रवाई की मांग उठाकर इस विवाद को नया राजनीतिक मोड़ दे दिया है.
ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








