US Midterm Elections : अमेरिका के मध्यावधि चुनाव के शुरुआती नतीजों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. चुनावी रुझानों में उनकी रिपब्लिकन पार्टी डेमोक्रेटिक पार्टी से पिछड़ती दिखाई दे रही है. इस बीच ट्रंप ने भी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर उनका नाम बैलेट पर होता, तो उनकी पार्टी भारी बहुमत से जीतती. ट्रंप के इस बयान पर भारत की कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं ने मजेदार तंज कसा है.
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. एसआईआर के मुद्दे पर भी उनकी पार्टी चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है.
अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी के पिछड़ने पर अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘ज्ञानेश कुमार ट्रंप के साथ ऐसा कभी नहीं होने देते.’ उनके इस पोस्ट पर आशुतोष रांका ने हंसने वाली इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी.
ब्राजील और सर्बिया का भी किया जिक्र
आशुतोष रांका ने ब्राजील, सर्बिया और अमेरिका में चुनावी हार को लेकर तीनों देशों के नाम के साथ स्माइली साझा की. इस पोस्ट को शेयर करते हुए अभिजीत दीपके ने लिखा कि लोग नफरत की राजनीति के खिलाफ और जवाबदेही, रोजगार तथा किफायती जीवन-यापन के पक्ष में मतदान कर रहे हैं.
ट्रंप ने हार पर क्या कहा?
रिपब्लिकन पार्टी के पिछड़ने के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “मैं बैलेट पर नहीं था और अगर होता, तो हम भारी बहुमत से जीत जाते.” उनके इस बयान को चुनावी नतीजों के बीच उनकी प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है.
शुरुआती रुझानों के मुताबिक, सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी 53 सीटों पर आगे थी, जबकि रिपब्लिकन 40 सीटों पर थी. वहीं प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी 197 और रिपब्लिकन 114 सीटों पर आगे चल रही थी. ऐसे में अमेरिकी चुनाव के नतीजों के साथ भारत में CJP का यह तंज भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
ये भी पढ़ें- अमृतसर में नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 5 किलो हेरोइन सहित दो काबू
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









