Weather Forecast : जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में ठंड ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. घाटी के कई इलाकों में रात का तापमान शून्य डिग्री से नीचे पहुंच गया है. हालात यह हैं कि कुछ जगहों पर पानी जमाने वाली ठंड पड़ने लगी है. इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात शोपियां में दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 0.9 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, लद्दाख के लेह में सबसे कम तापमान माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, कारगिल में पारा माइनस 1.4 और नुब्रा घाटी में माइनस 0.9 डिग्री सेल्सियस रहा. कश्मीर के पुलवामा में तापमान माइनस 0.3 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि पहलगाम में शून्य डिग्री दर्ज किया गया.
श्रीनगर समेत कई इलाकों में बढ़ी ठंड
श्रीनगर और काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहा. कुपवाड़ा में 1.5 डिग्री, गुलमर्ग में 1.2 डिग्री और सोनमर्ग में 0.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. वहीं, श्रीनगर एयरपोर्ट पर पारा 0.8 डिग्री सेल्सियस रहा.
दूसरी ओर, जम्मू संभाग में फिलहाल तापमान घाटी के मुकाबले काफी अधिक बना हुआ है. जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और जम्मू एयरपोर्ट पर 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कठुआ में भी पारा 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा.
10 से 13 नवंबर तक बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. 10 से 13 नवंबर के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से जम्मू और कश्मीर संभाग के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
इसके अलावा अगले 48 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुककर हल्की बर्फबारी होने की संभावना हैं. यानी आने वाले दिनों में पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है. अब मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक लोगों की नजर बारिश और बर्फबारी के अगले दौर पर रहेगी.
ये भी पढ़ें- आपदा में जान गंवाने वालों के परिवार को अब मिलेंगे 8 लाख रुपये, योगी सरकार का बड़ा फैसला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








