विदेश

मिस्र में दो यात्री ट्रेनों की भीषण टक्कर, 7 की मौत और 100 से ज्यादा घायल

Egypt Train Accident : मिस्र में रविवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया, जहां दो यात्री ट्रेनें आपस में टकरा गईं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में सात लोगों की जान चली गई है, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. मृतकों में एक ट्रेन कंडक्टर भी शामिल है. हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया.

एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दुर्घटना मिस्र की राजधानी काहिरा से करीब 52 किलोमीटर दक्षिण में गीजा प्रांत के अल-अय्यात जिले में हुई. परिवहन मंत्रालय के अनुसार, फयूम प्रांत की ओर जा रही एक ट्रेन ने असवान जाने वाली दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी. इस टक्कर के बाद कई यात्री घायल हो गए और कुछ डिब्बों में फंस गए.

स्थानीय लोगों ने बचाव में की मदद

हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग भी मदद के लिए मौके पर पहुंच गए. अल-अय्यात के काफ्र गिरजा निवासी अयमन जमाल ने बताया कि स्थानीय लोगों ने ट्रेन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और एम्बुलेंस बुलवाई. उनके मुताबिक, करीब 80 घायलों को एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, उन्होंने यह भी बताया कि कुछ यात्री खड़ी ट्रेन के एक डिब्बे में फंसे हुए थे. जब उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक उनकी जान जा चुकी थी.

मिस्र में रेल हादसों का पुराना इतिहास

मिस्र में रेल हादसों का इतिहास काफी पुराना है. रेलवे व्यवस्था में प्रबंधन की कमी और उपकरणों के रखरखाव से जुड़ी समस्याओं को इसकी प्रमुख वजहों में गिना जाता रहा है. हालांकि, सरकार पिछले कुछ वर्षों से रेलवे नेटवर्क के आधुनिकीकरण की कोशिश कर रही है.

इससे पहले पिछले साल सितंबर में भी इसी जिले में मालगाड़ियों की टक्कर हुई थी, जिसमें एक ट्रेन चालक और उसका सहायक घायल हो गए थे. वहीं, मिस्र का सबसे भीषण रेल हादसा 2002 में हुआ था. उस दौरान काहिरा से दक्षिणी मिस्र जा रही ट्रेन में आग लग गई थी, जिसमें 300 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी.

ताजा हादसे ने एक बार फिर मिस्र की रेलवे सुरक्षा और यात्रियों की जान की हिफाजत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें- पंजाब की खनन आय में 7 गुना उछाल, 123.5 करोड़ से 799 करोड़ पहुंची आय, केंद्र के सामने बरिंदर गोयल ने उठाया मुद्दा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button