Uttar Pradesh

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, बिहार जा रही बस पलटी, 3 की मौत, कई घायल

UP Road Accident : उत्तर प्रदेश में सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने यात्रियों के सफर को मातम में बदल दिया. लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा इतना गंभीर था कि तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 45 यात्री घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.

जानकारी के मुताबिक, हादसा लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर पहले टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच हुआ. बस में लगभग 50 से 60 यात्री सवार थे. यह बस राजस्थान के रेवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही थी. इसी दौरान चालक का बस से नियंत्रण हट गया और वाहन सड़क पर पलट गया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया.

प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता के निर्देश

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना, उन्होंने बताया कि तीन घायलों को अस्पताल में मृत घोषित किया गया. इनमें दो लोकबंधु अस्पताल और एक किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में मृत घोषित हुआ. कुल 31 घायलों को लोकबंधु अस्पताल और 13 को KGMU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. सभी का इलाज जारी है.

हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी तत्काल संज्ञान लिया, उन्होंने अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है.

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के मुताबिक, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं.

ये भी पढ़ें- पंजाब की खनन आय में 7 गुना उछाल, 123.5 करोड़ से 799 करोड़ पहुंची आय, केंद्र के सामने बरिंदर गोयल ने उठाया मुद्दा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button