Sonia Gandhi Biography : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में उस फैसले से जुड़ी कई अहम बातें साझा की हैं, जब उन्होंने प्रधानमंत्री बनने की संभावना को खुद ही खारिज कर दिया था, उन्होंने बताया है कि कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन मिलने के बावजूद वह इस जिम्मेदारी को स्वीकार करने के पक्ष में नहीं थीं, अब उन्होंने अपनी किताब में बताया है कि इस फैसले के पीछे उनकी व्यक्तिगत सोच और परिवार की चिंताएं भी शामिल थीं.
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है, “मेरे मन से संदेह का आखिरी अंश भी अचानक दूर हो गया. मुझे लगा जैसे मैं खुद से कह रही हूं, सोनिया अपने प्रति ईमानदार रहो. तुम हमेशा से यह जानती रही हो. बस, इसे छोड़ दो.”
चुनाव से पहले बच्चों के साथ हुई थी चर्चा
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सोनिया गांधी ने बताया कि चुनाव से कुछ महीने पहले उन्होंने अपने दोनों बच्चों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की थी. बातचीत के दौरान उनमें से एक ने उनसे सीधे पूछा कि अगर कांग्रेस चुनाव जीत जाती है, तो क्या वह प्रधानमंत्री का पद स्वीकार करेंगी?
इस सवाल पर सोनिया गांधी ने नाराजगी जताते हुए जवाब दिया, “बिल्कुल नहीं.” जब उनसे दोबारा पूछा गया कि क्या वह अपने फैसले को लेकर पूरी तरह निश्चित हैं, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनका निर्णय बिल्कुल पक्का है.
राहुल और प्रियंका की भी नहीं थी सहमति
सोनिया गांधी ने किताब में बताया कि राहुल और प्रियंका गांधी, दोनों में से कोई भी उन्हें प्रधानमंत्री बनते नहीं देखना चाहता था. इसकी वजह उनके परिवार के साथ जुड़ी पुरानी त्रासदियां थीं. दोनों ने अपनी दादी इंदिरा गांधी की हत्या और पिता राजीव गांधी की बेरहमी से हुई हत्या का गहरा सदमा झेला था.
उनके लिए प्रधानमंत्री पद का मतलब सीधे तौर पर बड़े खतरे से जुड़ा हुआ था. सोनिया गांधी के मुताबिक, इस फैसले से उनके बच्चों को राहत मिली और उन्हें भी मन से हल्का महसूस हुआ. पहली बार उन्होंने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी थी और इसके बाद यह बातचीत समाप्त हो गई.
अपने फैसले को रखा था निजी
सोनिया गांधी ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री न बनने के अपने फैसले के बारे में किसी अन्य व्यक्ति से चर्चा नहीं की थी. चुनाव प्रचार के दौरान भी जब उनसे इस बारे में सवाल पूछे गए, तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. उस समय उनकी प्राथमिकता कांग्रेस को एकजुट रखना थी, ताकि पार्टी एक मजबूत टीम के रूप में चुनावी चुनौतियों का सामना कर सके.
उन्होंने बताया कि अपनी यह राय उन्होंने सबसे करीबी सहयोगियों से भी साझा नहीं की थी. उनके मन में यह विचार था कि कांग्रेस की पिछली सरकारों की विरासत को आगे बढ़ाने और सरकार चलाने के लिए लंबे प्रशासनिक अनुभव तथा बेदाग ईमानदारी वाले व्यक्ति की जरूरत होती है.
ये भी पढ़ें- दिवाली की रात दिल्ली-MP में आग का कहर, 23 लोगों की गई जान, महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 6 की मौत, कई घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









