Sonia Gandhi : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में अपने राजनीतिक जीवन के कई अहम अनुभव साझा किए हैं. इसमें उन्होंने साल 1999 के उस सियासी घटनाक्रम का भी जिक्र किया है, जब अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार गिरने के बाद कांग्रेस ने केंद्र में वैकल्पिक सरकार बनाने की कोशिश की थी. सोनिया गांधी ने इस पूरे घटनाक्रम को याद करते हुए बताया कि उस समय वह अंदर से काफी परेशान थीं. राष्ट्रपति भवन में पत्रकारों के सामने जाने से पहले उनका दिल भारी था और हालात के बावजूद वह खुद को मजबूत दिखाने की कोशिश कर रही थीं.
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि 1999 में सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद जब वह राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में पत्रकारों के बड़े समूह के सामने जा रही थीं, तब उनके मन में कई तरह के विचार चल रहे थे. कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए जो समर्थन मिलने का भरोसा था, वह धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा था. उनके साथ पार्टी के सहयोगी भी मौजूद थे, लेकिन अंदर से वह कांप रही थीं. पहली बार उन्हें इतने बड़े पत्रकार समूह के सामने इस तरह के राजनीतिक संकट का सामना करना पड़ रहा था.
233 सांसदों के समर्थन के साथ पेश किया था दावा
दरअसल, उस समय अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार से AIADMK प्रमुख जे. जयललिता ने अपना समर्थन वापस ले लिया था. इसके बाद सरकार गिर गई और कांग्रेस ने क्षेत्रीय तथा वामपंथी दलों के साथ मिलकर वैकल्पिक सरकार बनाने की कोशिश शुरू की.
543 सदस्यों वाली लोकसभा में बहुमत के लिए 272 सांसदों का समर्थन जरूरी था. सोनिया गांधी के मुताबिक, कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने 233 सांसदों को एकजुट कर लिया था, उन्हें उम्मीद थी कि अन्य दलों का समर्थन मिलने से बहुमत का आंकड़ा पूरा हो जाएगा. इसी भरोसे के साथ उन्होंने राष्ट्रपति से मुलाकात की थी.
जरूरी संख्या नहीं जुटा पाई कांग्रेस
सोनिया गांधी ने बताया कि पत्रकारों के सवालों के दौरान उन्हें स्वीकार करना पड़ा कि कांग्रेस बहुमत के जरूरी आंकड़े से काफी दूर है. कुछ राजनीतिक दल आखिरी समय में पीछे हट गए और सरकार बनाने की कोशिश सफल नहीं हो सकी.
उन्होंने इसके पीछे की एक वजह कुछ नेताओं की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा को भी बताया. सोनिया गांधी ने स्पष्ट किया कि उनकी खुद प्रधानमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं थी, उन्होंने लिखा कि वह पद और सत्ता हासिल करने के लिए राजनीति में नहीं आई थीं. उनके मुताबिक, भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को हटाने की कोशिश में जल्दबाजी भी हुई.
वाजपेयी सरकार गिरने पर क्या लिखा?
सोनिया गांधी ने किताब में उस समय की भावनात्मक स्थिति का जिक्र करते हुए लिखा कि उनकी आंखों में आंसू आ गए थे और वह बैठक से बाहर चली गई थीं, उन्होंने वाजपेयी सरकार के गिरने की वजह पर भी अपनी बात रखी. उनके अनुसार, कांग्रेस ने उनकी सरकार नहीं गिराई थी, बल्कि उनका गठबंधन ही टूट गया था.
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद हुए चुनाव में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) फिर सत्ता में लौटा. इस गठबंधन में 20 सहयोगी दल शामिल थे. सोनिया गांधी की किताब में दर्ज यह प्रसंग 1999 के उस दौर की राजनीतिक चुनौतियों और उनके निजी अनुभवों को सामने लाता है.
ये भी पढ़ें- Amritsar Police : अमृतसर में हथियारों के नेटवर्क का भंडाफोड़, 14 पिस्तौलों के साथ 6 गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









