Punjab

Amritsar Police : अमृतसर में हथियारों के नेटवर्क का भंडाफोड़, 14 पिस्तौलों के साथ 6 गिरफ्तार

Amritsar Police : अमृतसर में अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क के खिलाफ पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस ने छह आरोपियों को 14 पिस्तौलों के साथ गिरफ्तार किया है। डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक, आरोपी विदेश में बैठे संचालकों के निर्देश पर ड्रोन से भेजी गई हथियारों की खेप लेते थे और इन्हें आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों तक पहुंचाते थे।

Amritsar Police : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने छह व्यक्तियों को 14 आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार करके अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले दो अलग-अलग नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार व्यक्तियों से ये हथियार बरामद

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान बॉबी सिंह और रविंदर सिंह उर्फ मन्ना, दोनों निवासी गांव तलवंडी शोभा सिंह, तरनतारन; गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत निवासी गांव खोआला तथा वर्तमान निवासी मैक्स सिटी, जंडपीर कॉलोनी, अमृतसर; कमल निवासी संधू कॉलोनी, अमृतसर; अजय सिंह उर्फ काका निवासी एसमा एस्टेट, अमृतसर और स्वर्ण सिंह निवासी सेक्टर-17, पंचकूला, हरियाणा के रूप में हुई है।

बरामद किए गए पिस्तौलों में एक .30 बोर टिसास जिगाना, एक .30 बोर जिगाना ईगल, एक .30 बोर (चीन निर्मित), दो एमएम पिस्तौल, सात .30 बोर पिस्तौल और दो .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

आगामी जांच में जुटी पुलिस, नेटवर्क की होगी जांच

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेशों में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे, जिन्होंने ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों की खेप पहुंचाने में सहायता की थी। उन्होंने बताया कि आरोपी कथित तौर पर इन खेपों को प्राप्त करते थे और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को हथियारों की आपूर्ति करते थे।

डीजीपी ने कहा कि अवैध हथियारों की आपूर्ति के बड़े नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए इस मामले के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने और अन्य सहयोगियों की पहचान करने के उद्देश्य से आगे की जांच जारी है।

गुप्त सूचना के आधार पर कड़ी कार्रवाई

ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर (सीपी) हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहले ऑपरेशन में पुलिस टीमों ने पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह अवैध पिस्तौलों सहित पांच आरोपियों बॉबी सिंह, रविंदर सिंह उर्फ मन्ना, गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत, कमल और अजय सिंह उर्फ काका को गिरफ्तार किया है।

सीपी ने बताया कि दूसरे ऑपरेशन में पुलिस ने विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आठ अवैध पिस्तौलों सहित स्वर्ण सिंह को काबू किया है। इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

Arms Act आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

पहला मामला शस्त्र अधिनियम (Arms Act) की धारा 25(6,7,8) के तहत दिनांक 02.11.2026 को एफआईआर नंबर 272, पुलिस थाना छेहरटा में दर्ज किया गया है, जबकि दूसरा मामला शस्त्र अधिनियम की धारा 25(6,7,8) के तहत दिनांक 08.11.2026 को एफआईआर नंबर 207, पुलिस थाना सिविल लाइंस में दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें- ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ से बदलेगी तस्वीर, 600 स्कूलों की बदली तस्वीर, 2 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स को मिल रहा लाभ

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button