Punjab Education : भगवंत मान सरकार द्वारा अपनी प्रमुख पहल ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ के अंतर्गत 27 अक्टूबर से 14 नवंबर, 2026 तक राज्यभर में सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे के उन्नयन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान प्रदेश के सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो रहा है।
भगवंत मान सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कदम उठाए गए हैं, ताकि सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित और विद्यार्थियों के अनुकूल शिक्षण संस्थानों के रूप में विकसित किया जा सके। इस अभियान के तहत लगभग 600 सरकारी स्कूलों में उन्नत किए गए बुनियादी ढांचे का उद्घाटन किया गया है, जिससे दो लाख से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है।
विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण
इस संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “हम सरकारी स्कूलों को ऐसे शिक्षण संस्थानों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिन पर बच्चे और उनके अभिभावक गर्व कर सकें। शिक्षा के परिणामों में सुधार करने के साथ-साथ हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि हमारे स्कूल विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करें। बुनियादी ढांचे में किए जा रहे ये सुधार इसी सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।”
शिक्षा के परिणामों में सुधार के लिए महत्वपूर्ण
बुनियादी ढांचे के उन्नयन के अंतर्गत अतिरिक्त कक्षाकक्षों, विज्ञान प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों, कला एवं हस्तशिल्प रूमों तथा अन्य आवश्यक स्कूली सुविधाओं का निर्माण और नवीनीकरण शामिल है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए शिक्षा तक आसान पहुंच और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है। यह पहल सामान्य बुनियादी सुविधाओं से आगे बढ़कर गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण बदलाव को दर्शाती है, जिससे विद्यार्थियों के सीखने और शैक्षणिक प्रदर्शन के परिणाम बेहतर होते हैं।
आधुनिक क्लासरूम , क्रियाशील प्रयोगशालाएं और बेहतर सुविधाएं स्कूलों में अधिक रोचक, प्रभावशाली और अनुकूल शिक्षण वातावरण तैयार कर रही हैं। राज्य के विभिन्न जिलों में उद्घाटन समारोह शुरू हो चुके हैं, जिनमें कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों, स्थानीय प्रतिनिधियों, सामुदायिक नेताओं, स्कूल प्रबंधन समितियों और अभिभावकों द्वारा सक्रिय रूप से भाग लिया जा रहा है। यह शैक्षणिक परिवर्तन सामुदायिक सहयोग से संभव हो रहा है। स्कूलों में सुरक्षित और सुविधाओं से भरपूर वातावरण तैयार करके सरकार विद्यार्थियों की उपस्थिति, उनकी सक्रिय भागीदारी और सीखने के समग्र अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
शिक्षकों ने सुधार के सकारात्मक प्रभावों की सराहना की
मानसा जिले के जीएसएसएस रंघड़ियाल के शिक्षक अमरजीत सिंह चाहल ने कहा, “क्लासरूमों, प्रयोगशालाओं और स्कूलों में सुधार होने से हम पाठों को अधिक प्रभावशाली ढंग से पढ़ाने में सक्षम हुए हैं। विद्यार्थी पढ़ाई में अधिक रुचि ले रहे हैं और हम शिक्षण एवं सीखने की प्रक्रिया पर बेहतर तरीके से ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं।”
फाजिल्का जिले के जीपीएस चन्नणवाला के शिक्षक लवजीत ग्रेवाल ने कहा, “बुनियादी ढांचे में बदलाव के कारण स्कूलों में बच्चों की आमद बढ़ रही है। इससे विद्यार्थियों की उपस्थिति में सुधार हुआ है और बच्चों के लिए पढ़ाई का अधिक सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है।”
‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ के तहत भगवंत मान सरकार सुरक्षित और विद्यार्थियों के अनुकूल शिक्षण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कक्षाकक्षों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों और अन्य आवश्यक स्कूली सुविधाओं के उन्नयन पर अपना ध्यान केंद्रित रखना जारी रखेगी। इस पहल के अंतर्गत सरकारी स्कूलों को मजबूत बनाने के लिए अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन समितियों और स्थानीय नेताओं की भागीदारी पर भी विशेष जोर दिया गया है। बुनियादी ढांचे में सुधार से विद्यार्थियों की उपस्थिति, पढ़ाई में उनकी सक्रिय भागीदारी और शैक्षणिक परिणामों में बेहतरी आती है।
‘रंगला पंजाब’ के सपने के लिए प्रयासरत
‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ एक व्यापक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रणाली के निर्माण की दिशा में निर्णायक कदम है। इसके माध्यम से भगवंत मान सरकार सरकारी क्लासरूमों की तस्वीर बदलने और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाकर ‘रंगला पंजाब’ के सपने को साकार करने के लिए प्रयासरत है।
ये भी पढ़ें- पंजाब में पराली जलाने के मामलों में 95% कमी, अमन अरोड़ा ने BJP को घेरा, कहा- 20 मिनट में दिल्ली कैसे पहुंचता है धुआं?
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







