Chhath Puja 2026 : लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा एक बार फिर श्रद्धा और भक्ति के माहौल में मनाया जाने वाला है. सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित यह पर्व चार दिनों तक चलता है. इस दौरान व्रती परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र व उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं. छठ पूजा में शुद्धता, सात्विकता और कठिन नियमों का विशेष महत्व होता है. इस पर्व में व्रती पूरे अनुशासन के साथ पूजा-पाठ करते हैं और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं. साल 2026 में छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर, शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ होगी. इसका समापन 16 नवंबर, सोमवार को उषा अर्घ्य और पारण के साथ होगा.
छठ महापर्व के दौरान खरना की पूजा पूरी होने के बाद व्रती करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू करते हैं. इस दौरान अन्न और जल दोनों का त्याग किया जाता है. यह कठिन व्रत अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने और पूजा संपन्न होने तक जारी रहता है. मान्यता है कि पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से छठी मैया और सूर्य देव की उपासना करने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है.
छठ पूजा 2026 का चार दिवसीय कैलेंडर
13 नवंबर, शुक्रवार – नहाय-खाय
छठ पर्व का पहला दिन नहाय-खाय होता है. इस दिन व्रती स्नान करके घर और पूजा स्थल की साफ-सफाई करते हैं. इसके बाद सात्विक भोजन तैयार किया जाता है. इस दिन चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी खाने की परंपरा है.
14 नवंबर, शनिवार – खरना
दूसरे दिन खरना मनाया जाता है. व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को पूजा करने के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं. इसके बाद ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है.
15 नवंबर, रविवार – संध्या अर्घ्य
छठ पूजा के तीसरे दिन व्रती नदी, तालाब या छठ घाट पर पहुंचते हैं. यहां डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. बांस के सूप में फल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री सजाकर सूर्य देव और छठी मैया की आराधना की जाती है.
16 नवंबर, सोमवार – उषा अर्घ्य और पारण
महापर्व के अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है. इसके बाद परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है. पूजा संपन्न होने के बाद व्रती पारण करके अपना निर्जला व्रत खोलते हैं. इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाता है.
ये भी पढ़ें- पंजाब में पराली जलाने के मामलों में 95% कमी, अमन अरोड़ा ने BJP को घेरा, कहा- 20 मिनट में दिल्ली कैसे पहुंचता है धुआं?
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









