Arshdeep Samreen Engagement : भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी बड़ी खुशखबरी साझा की है। उन्होंने अभिनेत्री और मॉडल समरीन कौर के साथ सगाई कर ली है। दोनों ने 11 नवंबर 2026 को अपने रिश्ते को नया नाम दिया। समरीन ने इंस्टाग्राम पर सगाई की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें अर्शदीप उन्हें घुटनों पर बैठकर प्रपोज करते नजर आ रहे हैं।

समरीन ने खास अंदाज में किया सगाई का ऐलान
समरीन कौर ने अपनी पोस्ट में एक-दूसरे का साथ मिलने को जिंदगी का सबसे खूबसूरत तोहफा बताया। उन्होंने लिखा कि जिंदगी उन्हें जो कुछ भी दे सकती थी, उसमें सबसे खुशी की बात एक-दूसरे का मिलना है। अब दोनों पूरी जिंदगी साथ बिताना चाहते हैं। पोस्ट के साथ उन्होंने 11 नवंबर 2026 की तारीख और ‘Hi Fiancé’ भी लिखा।

हार्दिक पंड्या ने दी बधाई
अर्शदीप और समरीन की सगाई की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पंड्या ने भी दोनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, ‘बधाई हो, भगवान आप दोनों को हमेशा खुश रखे।’

अप्रैल में शुरू हुई थी रिश्ते की चर्चा
अर्शदीप और समरीन के रिश्ते को लेकर चर्चाएं अप्रैल 2026 में तेज हुई थीं। उस दौरान अर्शदीप ने स्नैपचैट पर एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें वह एक लड़की का हाथ पकड़े नजर आए थे। तस्वीर में लड़की का चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था। हालांकि, फैंस ने हाथ पर बने टैटू और नेल आर्ट की तुलना समरीन की तस्वीरों से की और दोनों के रिश्ते को लेकर अटकलें शुरू हो गईं।
IPL मैचों में अर्शदीप को चीयर करती दिखीं समरीन
IPL 2026 के दौरान समरीन कौर कई बार पंजाब किंग्स के मुकाबले देखने पहुंचीं। उन्हें न्यू चंडीगढ़ और मुंबई के स्टेडियम में वीआईपी स्टैंड से अर्शदीप का उत्साह बढ़ाते देखा गया। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं और बढ़ गईं।

मई में दोनों का धर्मशाला की सड़कों पर हाथों में हाथ डालकर घूमते हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके अलावा दोनों को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भी साथ देखा गया। हालांकि, उस समय दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया था।
गुरुद्वारे में साथ पहुंचे थे दोनों
जून 2026 में अर्शदीप और समरीन पंजाब के एक गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचे थे। इसके कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर दोनों के एक-दूसरे को अनफॉलो करने की चर्चा शुरू हुई और ब्रेकअप की अटकलें लगाई जाने लगीं। हालांकि, इन खबरों की दोनों में से किसी ने पुष्टि नहीं की थी।

‘My Person’ पोस्ट से रिश्ते पर लगाई थी मुहर
बाद में अर्शदीप सिंह ने समरीन के साथ दो तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने ‘My Person’ लिखा था। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया। अब सगाई के साथ दोनों ने अपने रिश्ते को एक नई शुरुआत दी है।

ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में फिर 21 जिलों में आगजनी और बम धमाके, शेख हसीना की वापसी के ऐलान पर मचा बवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









