Nehru Jayanti : भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है. 14 नवंबर को मनाई जाने वाली नेहरू जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें याद किया. इस दौरान नेताओं ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक उनके योगदान को रेखांकित किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर नमन किया, उन्होंने अपने संदेश में लिखा, ”पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.”
राहुल गांधी ने नेहरू के विचारों को किया याद
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नेहरू को ‘हिंद का जवाहर’ बताते हुए कहा कि उनके लिए आजादी कोई अंतिम मंजिल नहीं, बल्कि एक नए सफर की शुरुआत थी. राहुल ने लिखा कि नेहरू के लिए स्वराज का मतलब केवल सत्ता हासिल करना नहीं था, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी और देश के भविष्य की जिम्मेदारी भी था.
उन्होंने कहा कि भारत उनके लिए केवल एक देश नहीं, बल्कि एक खोज और विचार था. इस विचार में विविधता को शक्ति, लोकतंत्र को विश्वास और समानता को आधार माना गया था. आधुनिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और आत्मविश्वासी भारत का उनका सपना आज भी प्रेरणा देता है.
राजनाथ सिंह और खरगे ने किया योगदान का जिक्र
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नेहरू को श्रद्धांजलि देते हुए स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और देश के पहले प्रधानमंत्री के रूप में उनके नेतृत्व को याद किया, उन्होंने कहा कि आजाद भारत के शुरुआती विकास के वर्षों पर नेहरू की अमिट छाप रही है.
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें आधुनिक भारत का प्रमुख निर्माता बताया. खरगे ने कहा कि नेहरू मानते थे कि भारत जैसे विविधताओं वाले देश को लोकतंत्र के जरिए ही एकजुट रखा जा सकता है, उन्होंने संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के संकल्प को दोहराने की बात भी कही.
प्रियंका गांधी और डीके शिवकुमार ने भी किया याद
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने नेहरू को क्रांतिकारी, दूरदर्शी नेता और राष्ट्र निर्माता बताया, उन्होंने कहा कि उनके निधन के छह दशक से अधिक समय बाद भी उनके विचारों और विरासत पर चर्चा जारी है.
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी नेहरू के योगदान को याद किया, उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, शिक्षा, विज्ञान और औद्योगिक विकास को मजबूत करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही. साथ ही उन्होंने युवाओं को अवसर देने और उनकी क्षमता पर भरोसा जताने की नेहरू की सोच को भी याद किया.
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में फिर 21 जिलों में आगजनी और बम धमाके, शेख हसीना की वापसी के ऐलान पर मचा बवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









