राष्ट्रीय

‘मेरे भाई अजित पवार नहीं रहे तो अब मर्जर …’, NCP के विलय पर सुप्रिया सुले ने लगाया फुलस्टॉप

Supriya Sule : महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के एक होने की चर्चाओं पर अब सुप्रिया सुले ने विराम लगा दिया है. मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में NCP (शरद पवार) गुट की सांसद ने साफ कहा कि अजित पवार के रहते दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत चल रही थी और इसकी तारीख भी तय हो चुकी थी. हालांकि, अजित पवार के निधन के बाद अब उनके लिए यह मुद्दा पूरी तरह खत्म हो गया है.

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुप्रिया सुले ने हाथ जोड़कर कहा, “मेरा भाई अब नहीं रहा तो मर्जर की बातें क्या करना,” उन्होंने स्पष्ट किया कि अजित पवार के रहते दोनों पक्षों के बीच पार्टी को फिर से एक करने पर चर्चा हुई थी. बातचीत आगे बढ़ चुकी थी और विलय की तारीख भी निर्धारित कर ली गई थी. हालांकि, उन्होंने उस तारीख का खुलासा नहीं किया.

सुप्रिया सुले ने यह भी कहा कि अब वह इस विषय पर कोई चर्चा नहीं करना चाहतीं और भविष्य में भी विलय को लेकर सवालों का जवाब नहीं देंगी.

अजित पवार गुट से नहीं आया कोई संदेश

NCP के दोनों गुटों के बीच नए सिरे से बातचीत को लेकर सुप्रिया सुले ने कहा कि अजित पवार गुट की तरफ से उन्हें कोई फोन, मैसेज या ईमेल नहीं मिला है. उनकी जानकारी में विलय को लेकर कोई नया प्रस्ताव भी नहीं आया है, उन्होंने NDA में शामिल होने से जुड़ी किसी बातचीत से भी इनकार किया.

बता दें कि जुलाई 2023 में अजित पवार ने NCP से अलग होकर अपना गुट बना लिया था. इसके बाद पार्टी दो हिस्सों में बंट गई थी. पिछले कुछ समय से दोनों गुटों के नेताओं की मुलाकातों के बाद फिर से एक होने की अटकलें तेज थीं.

संजय राउत के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया

शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत के बयान और उनके लेख पर प्रतिक्रिया देते हुए सुप्रिया सुले ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी राय रखने का अधिकार है, उन्होंने राउत को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि उन्हें जो सही लगता है, वह लिख सकते हैं.

परिसीमन के मुद्दे पर सुप्रिया सुले ने बताया कि सरकार ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया था. महिला आरक्षण के साथ इस प्रस्ताव पर उन्होंने पहले भी समर्थन जताया था और उनकी राय अब भी वही है.

वहीं, राहुल गांधी के फोन टैपिंग से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है. वह राहुल गांधी और आदित्य ठाकरे से इस बारे में बात करेंगी, उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर किसी का फोन टैप किया गया है तो यह गलत है और ऐसा नहीं होना चाहिए.

ये भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में शहीदी सभा की तैयारी तेज, 200 शटल बसें, 20 क्लिनिक और पुलिस सहायता केंद्र होंगे स्थापित

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button