Kishtwar News : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) की हत्या के बाद आतंकियों की तलाश तेज कर दी गई है. इस बीच जिला पुलिस ने तीन सक्रिय आतंकवादियों को पकड़ने के लिए इनाम का ऐलान किया है. पुलिस ने तीनों के फोटो और पहचान के साथ वांटेड पोस्टर जारी किए हैं. इनके बारे में पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे. यानी तीनों आतंकियों पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम रखा गया है. सुरक्षा बल चिनाब घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं. इसके साथ ही किश्तवाड़ के प्रमुख जांच केंद्रों और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाए गए हैं.
पुलिस के पोस्टरों में मोहम्मद अमीन उर्फ जहांगीर, रियाज अहमद उर्फ हजारी और मुदस्सिर हुसैन को वांछित बताया गया है. पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी साझा करने की अपील की है. अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी.
जंगल में मिले थे दो SPO के शव
यह कार्रवाई 12 नवंबर को दो SPO बाबी चंद और रशपाल कुमार के शव मिलने के बाद की गई है. दोनों के शव किश्तवाड़ के दच्छन इलाके के कियार सेक्टर में मिले थे. वे 11 नवंबर को बसनान इलाके में सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल्स की टीम के साथ गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. बाद में जंगल में गोलीबारी की आवाजें सुनाई दी थीं. उनके सर्विस हथियार भी गायब पाए गए थे.
आतंकी ठिकाने से हथियार बरामद
दच्छन और मरवाह के जंगलों में सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी है. पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्ध ओवरग्राउंड वर्करों को गिरफ्तार किया है. इनमें मुदस्सिर हुसैन के पिता तारिक अहमद गिनू भी शामिल हैं. इसके अलावा दच्छन में एक संदिग्ध आतंकी ठिकाने से AK-47 का गोला-बारूद और UBGL ग्रेनेड बरामद किए गए हैं.
पुलिस ने स्थानीय लोगों से आतंकियों की गतिविधियों या उनके ठिकानों से जुड़ी जानकारी देने की अपील की है. इसके लिए 9797900958 और 1995357494 नंबर जारी किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में फिर 21 जिलों में आगजनी और बम धमाके, शेख हसीना की वापसी के ऐलान पर मचा बवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









