Suryakumar Yadav : भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव इन दिनों 2026 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी कर रहे हैं. टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. इस मैच में सूर्या ने महज 21 गेंदों पर 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 60 रन बनाए. उनका स्ट्राइक रेट 285.71 रहा. इस बीच सूर्यकुमार यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह साथी खिलाड़ियों के साथ देसी अंदाज में मटन पार्टी करते नजर आ रहे हैं.
वायरल वीडियो में सूर्यकुमार यादव जमीन पर बैठकर मटन का स्वाद लेते दिखाई दे रहे हैं. उनके साथ भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान और मुंबई टीम के कुछ अन्य खिलाड़ी भी मौजूद हैं. वीडियो देखकर ऐसा लग रहा है कि खिलाड़ियों की यह दावत किसी किचन के अंदर चल रही है.
एकदम घर वाला फीलिंग देसी
इस दौरान सूर्या कहते हैं, “ये मनीक भाई बैठे हैं, इन्होंने हमारे लिए मटन बनवाया है.” इसके बाद वह खाने की तारीफ करते हुए कहते हैं, “एकदम घर वाला फीलिंग देसी.”
वहीं, सरफराज खान भी खाने का लुत्फ उठाते हुए कहते हैं, “इतना अच्छा खाना बनाया है कि बात करने का मन नहीं कर रहा है, सिर्फ खाने का मन कर रहा है. थैंक्यू.” खिलाड़ियों का यह देसी अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
हैदराबाद को हराकर मुंबई ने दर्ज की जीत
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के पहले मुकाबले में मुंबई ने हैदराबाद को 7 विकेट से हराया. पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 172 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. टीम की ओर से अभिरथ रेड्डी ने सबसे ज्यादा 35 रन बनाए. मुंबई के लिए मैक्सवेल स्वामीनाथन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए.
173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम ने महज 13.1 ओवर में 3 विकेट गंवाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 21 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए, जबकि मुशीर खान ने 24 गेंदों पर 51 रनों की तूफानी पारी खेली. मुशीर ने अपनी पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए. दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए महज 23 गेंदों में 65 रनों की साझेदारी हुई, जिसने मुंबई की जीत आसान बना दी.
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में फिर 21 जिलों में आगजनी और बम धमाके, शेख हसीना की वापसी के ऐलान पर मचा बवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









