Delhi Weather : दिल्ली में अब मौसम का रुख बदलने लगा है. उत्तर-पश्चिम भारत से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है, जिसके चलते राजधानी में आने वाले दिनों में बारिश की संभावना कम हो गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार इस सप्ताह दिल्ली का मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा, हालांकि शुरुआत में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं.
रविवार (20 सितंबर) को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहे, लेकिन किसी भी इलाके में बारिश दर्ज नहीं की गई. इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में तापमान की बात करें तो पालम में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री, नजफगढ़ में 34.3 डिग्री, अयानगर में 34.6 डिग्री और मयूर विहार में 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा. इस दौरान अधिकतम नमी 87 प्रतिशत और न्यूनतम नमी 48 प्रतिशत दर्ज की गई.
पूरे हफ्ते शुष्क रहेगा मौसम
IMD के मुताबिक सोमवार (21 सितंबर) को भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है. विभाग ने राजधानी के लिए फिलहाल कोई बारिश चेतावनी जारी नहीं की है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह के समय दिल्ली में उत्तर-पूर्वी दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक दिल्ली के तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. 22 से 26 सितंबर तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान लगभग सामान्य स्तर के आसपास रहने की उम्मीद है.
वहीं, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है.
पिछले 24 घंटों में भी दिल्ली के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ. न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. राजधानी में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवाएं भी चलीं.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








