IMD Weather Alert : मॉनसून की विदाई का समय करीब आ चुका है, लेकिन देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है. उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक कई राज्यों में मौसम सक्रिय बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 29 सितंबर को कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश का असर अब मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है. पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में 29 सितंबर को बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. पूर्वी यूपी में बारिश का असर 30 सितंबर तक जारी रह सकता है.
लगातार बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. सुबह और रात के समय हल्की ठंडक भी महसूस होने लगी है. वहीं, गंगा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से कुछ इलाकों में चिंता बनी हुई है.
पंजाब और हरियाणा में भी बारिश का अलर्ट
दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा में 29 सितंबर को कई जगह बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. पंजाब में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने का अनुमान है. हालांकि 30 सितंबर के बाद उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मौसम के धीरे-धीरे शुष्क होने की संभावना है.
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के संकेत
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अभी मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा. 29 सितंबर को इन क्षेत्रों में बारिश, गरज और बिजली गिरने की संभावना है. उत्तराखंड में 29 सितंबर से 4 अक्टूबर तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है.पहाड़ी इलाकों में मौसम बदलने का असर मैदानी क्षेत्रों पर भी दिखाई दे रहा है. तापमान में गिरावट के साथ ठंडक बढ़ने लगी है.
झारखंड और पूर्वोत्तर में भी सक्रिय रहेगा मौसम
बिहार में 29 और 30 सितंबर को बारिश, गरज और बिजली गिरने की संभावना है. झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में 4 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहेगा. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश के साथ कुछ जगह भारी बारिश का अनुमान है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 29 सितंबर को बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
महाराष्ट्र से दक्षिण भारत तक बारिश का असर
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में 29 सितंबर को बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. मध्य महाराष्ट्र में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों में यह 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है.
दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है. तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अगले कुछ दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.
मौसम विभाग ने कई राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है.
ये भी पढ़ें- राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, सपा-कांग्रेस गठबंधन को बताया ‘ठगबंधन’
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









