मौसम

बंगाल की खाड़ी में कमजोर पड़ा चक्रवात ‘अकवान’, ओडिशा-आंध्र के तटीय इलाकों में खतरा बरकरार

Cyclone Akvan : बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ अब कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल गया है, लेकिन इसके बावजूद तटीय इलाकों में खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और 20 नवंबर की सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा दक्षिणी ओडिशा के तटों से टकरा सकता है. इसके गोपालपुर के आसपास पहुंचने की संभावना जताई गई है.

तूफान के दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं, हवा के तेज झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.

गोपालपुर के आसपास तट पार करने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले छह घंटों में चक्रवात 21 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा. 20 नवंबर को सुबह 2:30 बजे यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में मौजूद था. उस समय यह कलिंगपट्टनम से 110 किलोमीटर, विशाखापत्तनम से 170 किलोमीटर और गोपालपुर से करीब 170 किलोमीटर दूर था.

समुद्र में उठ रहीं ऊंची लहरें

चक्रवात का असर अब तटीय इलाकों में दिखाई देने लगा है. सैटेलाइट तस्वीरों में तूफान से जुड़े बादलों का समूह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों तक पहुंचता नजर आया है. गोपालपुर बीच के पास समुद्र अशांत हो गया है. गंजाम जिले के आर्यापल्ली में भी ऊंची और उग्र लहरें उठ रही हैं. वहीं, भुवनेश्वर में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं.

एक लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा

ओडिशा सरकार ने एहतियात के तौर पर बड़े स्तर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. राज्य में एक लाख से अधिक लोगों को हटाया गया है, जिनमें करीब 10 हजार गर्भवती महिलाएं शामिल हैं. गंजाम से 50 हजार, गजपति से 16 हजार और कंधमाल से 3 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है.

चक्रवात के खतरे को देखते हुए रेल मंत्रालय ने 41 ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी हैं. मौसम विभाग विशाखापत्तनम और गोपालपुर के डॉप्लर रडार से तूफान की लगातार निगरानी कर रहा है.

ये भी पढ़ें- जितना समय पंजाब में ‘आप’ की सरकार रहेगी, भलाई योजनाएं जारी रहेंगी- सीएम मान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button