Bihar News : बिहार की राजधानी पटना में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई गोलीबारी ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया. खाजेकलां थाना क्षेत्र में मंगलवार रात 15 वर्षीय कुंदन की गोली लगने से मौत हो गई. घटना के बाद गुस्साए लोगों ने हंगामा करते हुए वाहनों और डीजे में तोड़फोड़ की. हालात संभालने पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम दरवाजा मोड़ के पास दुर्गा प्रतिमा विसर्जन यात्रा आगे बढ़ रही थी. इसी दौरान अचानक गोली चली, जो कुंदन को लग गई. परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक के भाई गौरव ने बताया कि सभी लोग प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे. तभी अचानक गोली चली और कुंदन उसकी चपेट में आ गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
गुस्साए लोगों ने किया हंगामा
कुंदन की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा. नाराज भीड़ ने डीजे और दूसरे वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी. स्थिति बिगड़ने की सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी.
हंगामे के बीच प्रतिमा विसर्जन भी प्रभावित हुआ. बाद में पुलिस अधिकारियों ने ट्रैक्टर चलाकर प्रतिमा को विसर्जन स्थल तक पहुंचाने में मदद की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
वहीं, पूर्वी पटना की एसपी शैलजा कुमारी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस मौके पर तैनात है और शांति-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, उन्होंने जल्द ही मुख्य आरोपी को पकड़ने की बात कही. मामले की जांच जारी है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि गोली किसने और किस वजह से चलाई.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है. दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जैसी सार्वजनिक यात्रा के दौरान गोली चलने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. राष्ट्रीय जनता दल ने भी इस घटना को लेकर एनडीए सरकार पर निशाना साधा है. फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- दलेर मेहंदी विवाद में राजपाल यादव की एंट्री, मंत्री सुबोध उनियाल को सुनाई खरी-खरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









