राष्ट्रीयविदेश

नमाज के बाद को-पायलट का कुल्हाड़ी से हमला, कैप्टन स्मित ने बचाई 174 जानें, नेतन्याहू ने मोदी संग आने का दिया न्योता

Captain Smit Machchhar : इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर से फोन पर बात कर उनकी बहादुरी की सराहना की। 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान में ओमानी को-पायलट ने उन पर हमला किया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर विमान पर नियंत्रण हासिल करने में मदद की और 174 लोगों की जान बचाई।

Captain Smit Machchhar : इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर से करीब छह मिनट फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कैप्टन की बहादुरी की तारीफ करते हुए उन्हें भारत, इजराइल और पूरी दुनिया का हीरो बताया। नेतन्याहू ने स्मित को इजराइल आने का न्योता भी दिया और अगले स्वतंत्रता दिवस के समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मशाल जलाने का निमंत्रण दिया।

नेतन्याहू ने पूछा- आखिर फ्लाइट में क्या हुआ था?

बातचीत के दौरान नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित से पूरी घटना के बारे में जानकारी ली। स्मित ने बताया कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में उड़ान सामान्य थी। इसी दौरान ओमानी को-पायलट ने नमाज पढ़ने की बात कही। वह कैप्टन के पीछे बैठकर नमाज करने लगा।

करीब चार से पांच मिनट बाद अचानक उसने पीछे से कैप्टन के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। इसके बाद लगातार कई वार किए गए। शुरुआत में स्मित को लगा कि विमान में कोई गंभीर तकनीकी समस्या या बड़ा हादसा हुआ है, लेकिन जल्द ही उन्हें समझ आ गया कि को-पायलट ही उन पर हमला कर रहा है।

घायल होने के बावजूद संभाला विमान

हमले के कारण कैप्टन स्मित को ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। इस दौरान उन्हें महसूस हुआ कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन हमलावर ने उसे बंद कर दिया। स्मित के मुताबिक, वह कॉकपिट के फर्श पर गिर गए थे और विमान के नीचे जाने के साथ झटकों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। बाहर मौजूद लोग भी चिल्ला रहे थे। इसके बावजूद उन्होंने दोबारा दरवाजे तक पहुंचने की कोशिश की।

नॉब घुमाकर खोला कॉकपिट का दरवाजा

कैप्टन ने बताया कि कॉकपिट का दरवाजा अंदर से नॉब घुमाकर खोला जा सकता है, जबकि बाहर से इसे कोड के जरिए खोला जाता है। किसी तरह उनका हाथ दरवाजे के नॉब तक पहुंचा और उन्होंने उसे घुमाकर दरवाजा खोल दिया।
इसके बाद फ्लाइट क्रू और यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर आरोपी को काबू किया। विमान पर दोबारा नियंत्रण हासिल किया गया और उसे सऊदी अरब के तबुक में आपातकालीन रूप से उतारा गया। विमान में सवार सभी 174 लोग सुरक्षित बाहर निकल गए।

नेतन्याहू ने इजराइल आने का दिया न्योता

प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित की हिम्मत और सूझबूझ की सराहना की। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि वह स्मित तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अगले इजराइली स्वतंत्रता दिवस पर समारोह में मशाल जलाने के लिए आमंत्रित करना चाहते हैं।

इजराइल में 12 मशालें जलाने की परंपरा

इजराइल का स्वतंत्रता दिवस योम हा’अत्जमाउत कहलाता है और हिब्रू कैलेंडर के 5 इयार को मनाया जाता है। इसी वजह से ग्रेगोरियन कैलेंडर में इसकी तारीख हर साल बदलती रहती है। वर्ष 2027 में स्वतंत्रता दिवस 12 मई को होगा, जबकि समारोह 11 मई की शाम से शुरू होगा।

यरुशलम के माउंट हर्जल पर होने वाले विशेष समारोह में 12 मशालें एक-एक करके जलाई जाती हैं। इन्हें इजराइल की 12 प्राचीन जनजातियों का प्रतीक माना जाता है। देश के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को मशाल जलाने का सम्मान दिया जाता है। इनमें सामाजिक कार्यकर्ता, वैज्ञानिक, सैनिक, कलाकार और शहीद सैनिकों के परिवारों से जुड़े लोग शामिल हो सकते हैं।

स्वतंत्रता व उत्सव की शुरुआत का संकेत

यह समारोह योम हजिकारोन यानी सैनिकों और आतंकवादी हमलों में मारे गए लोगों के स्मृति दिवस के समापन और स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। समारोह में पहले इजराइली झंडे को नीचे झुकाकर फिर ऊपर उठाया जाता है, जो शोक के अंत और स्वतंत्रता व उत्सव की शुरुआत का संकेत है।

ये भी पढ़ें- पंजाब में नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, पुलिस में 10 हजार नए पद भरे जाएंगे, नशे के खिलाफ अंतिम और निर्णायक लड़ाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button