राष्ट्रीय

कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, लश्कर का टॉप कमांडर लतीफ भट ढेर, सरेंडर से किया था इनकार

Kulgam Encounter : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. जंगलपोरा गांव में हुई मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर लतीफ भट को मार गिराया गया. देवसर इलाके में सुरक्षाबलों को उसकी मौजूदगी की जानकारी मिली थी, जिसके बाद पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया. बताया जा रहा है कि लतीफ एक मस्जिद में छिपा हुआ था.

कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों ने वीडियो कॉल के जरिए लतीफ से संपर्क स्थापित किया. उसे हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया. इसके बाद सुरक्षाबलों ने अभियान जारी रखा. लतीफ पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था. वह अपनी पहचान छिपाकर स्थानीय लोगों के बीच घुल-मिल जाता था और अलग-अलग इलाकों में छोटे हमलों को अंजाम देता था. इसी वजह से उसे पकड़ना सुरक्षाबलों के लिए चुनौती बना हुआ था.

2020 में परिवार छोड़ लश्कर में हुआ था शामिल

लतीफ मूल रूप से कुलगाम का रहने वाला था. उसका परिवार ख्रेवन चादर गांव में रहता है. जानकारी के मुताबिक, उसने नवंबर 2020 में घर छोड़ दिया था और इसके बाद लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया. उस पर कश्मीर में कई आतंकी हमलों में शामिल होने और प्रवासी मजदूरों की हत्या से जुड़े आरोप थे.

CRPF हमले में भी लतीफ का नाम आया था

लतीफ पर किश्तवाड़ जिले में दो पुलिस अधिकारियों की हत्या में शामिल होने का भी आरोप था. इसके अलावा वह लश्कर के प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के नाम पर भी हमलों को अंजाम देता था.

11 नवंबर को कुलगाम के नौपोरा अखरान इलाके में बाइक सवार आतंकियों ने CRPF नाके पर गोलीबारी की थी. इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे. इस हमले के पीछे भी लतीफ का हाथ होने की बात सामने आई थी. अब उसके मारे जाने को सुरक्षाबलों की आतंकवाद विरोधी कार्रवाई में अहम सफलता माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- CM योगी ने पद्मश्री रमेश बाबा को दी श्रद्धांजलि, 12 यूनिट के फ्री डायलिसिस केंद्र का भी किया शुभारंभ

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button