UP News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल अभी से तेज होने लगी है. केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने एक बयान से यूपी की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है, उन्होंने साफ कहा है कि अगर दूसरी पार्टियों के साथ सीटों को लेकर सहमति नहीं बनी, तो उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ सकती है.
वाराणसी में बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी केंद्र और बिहार में एनडीए गठबंधन का हिस्सा है. झारखंड में भी उनकी पार्टी ने गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा था, जहां उसके विधायक जीतकर आए हैं. वहीं, नागालैंड में बिना किसी गठबंधन के उनकी पार्टी के दो विधायक हैं.
उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन में रहना उनकी प्राथमिकता हो सकती है, लेकिन जहां बात नहीं बनेगी, वहां पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ने से पीछे नहीं हटेगी. उत्तर प्रदेश में भी सीटों को लेकर सहमति नहीं बनने पर सभी 403 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का विकल्प खुला है.
वाराणसी में विपक्ष पर भी साधा निशाना
चिराग पासवान ने वाराणसी में विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा, उन्होंने कहा कि यहां की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जीत दिलाकर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने का आशीर्वाद दिया है.
उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग बनारस आकर विकास की बात करते हैं, उन्हें यह भी याद रखना चाहिए कि उत्तर प्रदेश की जनता ने उन्हें कई पीढ़ियों तक शासन करने का मौका दिया था. अगर उनकी विकास की सोच मजबूत होती, तो आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ये सभी विकास कार्य करने की जरूरत नहीं पड़ती.
चिराग पासवान के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की चुनावी रणनीति और संभावित गठबंधन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं.
ये भी पढ़ें- दीपोत्सव-2026 में दिखेगा लोक संस्कृति का महाकुंभ, देशभर के कलाकारों का होगा जमावड़ा, रामनगरी की रौनक में चार चांद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









