Chhath Puja 2026 : लोकआस्था, परंपरा और अटूट श्रद्धा का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया. देशभर में लाखों श्रद्धालुओं ने नदियों, तालाबों और अस्थायी रूप से तैयार किए गए घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की. इसी के साथ खरना के बाद शुरू हुआ करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत भी पूरा हुआ. पूजा के बाद व्रती पारण कर प्रसाद ग्रहण करेंगे और परिवार के साथ पर्व की खुशियां साझा करेंगे.
छठ के अंतिम दिन दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड समेत कई राज्यों में सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल रही. व्रती महिलाएं और पुरुष फल, ठेकुआ और पूजा सामग्री से भरे दउरे लेकर घाटों पर पहुंचे. सभी ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.
पूजा स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे
दिल्ली में यमुना के घाटों और विभिन्न पूजा स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे. कालिंदी कुंज घाट और ग्रेटर कैलाश के कालकाजी DDA फ्लैट्स पार्क में भी विशेष आयोजन हुए. गाजियाबाद में छठ घाटों की सजावट और लेजर लाइट आकर्षण का केंद्र रही. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो ने सुबह 4:30 बजे से सेवाएं शुरू कीं.
बिहार की राजधानी पटना में गंगा घाटों पर सुबह से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा. गया के प्राचीन सूर्यकुंड समेत मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, मधेपुरा, रोहतास और लखीसराय में भी पूजा के विशेष इंतजाम किए गए. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन परिवार के साथ सिर पर पूजा की टोकरी रखकर घाट पहुंचे.
वाराणसी से जोशीमठ तक दिखी आस्था
उत्तर प्रदेश में वाराणसी के गंगा घाटों और अयोध्या में सरयू नदी के किनारे श्रद्धालुओं ने पूजा की. सहारनपुर और हरिद्वार में भी छठ की रौनक देखने को मिली. उत्तराखंड के जोशीमठ में ठंड और बारिश के बावजूद लोगों ने गांधी मैदान में पारंपरिक तरीके से पूजा की. राजस्थान के उदयपुर और पाली से लेकर महाराष्ट्र के जालना तक छठ पर्व उत्साह के साथ मनाया गया.
छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से हुई थी. 14 नवंबर को खरना के बाद निर्जला व्रत शुरू हुआ. रविवार शाम डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया और सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देकर पर्व का समापन किया गया. यह महापर्व सूर्य उपासना के साथ प्रकृति, स्वच्छता, अनुशासन और पारिवारिक खुशहाली का संदेश भी देता है.
ये भी पढ़ें- सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- छठ पूजा में भेदभाव देखने वाले विपक्षी नेता समाज और संस्कृति के दुश्मन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









