Chhath Puja 2026 : लोक आस्था का महापर्व छठ अब अपने महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गया है. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना की पूजा की जाएगी. शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए इस अनुष्ठान में अब व्रती कठिन नियमों और पूरी श्रद्धा के साथ छठी मैया तथा सूर्यदेव की आराधना करेंगे. घरों से लेकर घाटों तक पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं.
कार्तिक शुक्ल पंचमी पर पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र और रवि योग में खरना का अनुष्ठान किया जाएगा. पूजा के लिए शाम 5 बजकर 22 मिनट से रात 7 बजकर 46 मिनट तक का समय बताया गया है. इस दिन व्रती सुबह से उपवास रखेंगे और शाम को सूर्यदेव तथा छठी मैया की पूजा करेंगे. इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत की शुरुआत करेंगे.
गुड़ की खीर और रोटी का चढ़ेगा भोग
बता दें कि खरना के प्रसाद की तैयारी में शुद्धता और परंपरा का विशेष ध्यान रखा जाता है. इस दिन मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर गुड़, दूध और अरवा चावल से खीर बनाई जाती है. इसके साथ रोटी भी तैयार की जाती है. सूर्यदेव और छठी मैया को भोग लगाने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं. इसके बाद लगभग 36 घंटे तक बिना अन्न और जल के उपवास रखा जाता है.
ठेकुआ और गन्ने का विशेष महत्व
छठ पूजा में बांस के सूप, टोकरी, नारियल, शकरकंद, गन्ना, अदरक, हल्दी, पान, सुपारी, कपूर, सिंदूर, चावल, घी और गंगाजल का इस्तेमाल किया जाता है. वहीं, ठेकुआ इस महापर्व का प्रमुख प्रसाद माना जाता है. इसे गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार किया जाता है.
नोट कर लें अर्घ्य का समय
छठ महापर्व के प्रमुख अनुष्ठानों का निर्धारित समय इस प्रकार है:
खरना पूजा: शनिवार, शाम 5:22 से रात 7:46 बजे तक.
डूबते सूर्य को अर्घ्य: रविवार, शाम 5:24 बजे तक.
उगते सूर्य को अर्घ्य: सोमवार, सुबह 6:07 बजे के बाद.
लोकगीतों से गूंजेंगे घर-आंगन
खरना की शाम छठ के पारंपरिक गीतों से घरों का माहौल भक्तिमय हो जाएगा. रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे. इसके बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा. इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा.
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में फिर 21 जिलों में आगजनी और बम धमाके, शेख हसीना की वापसी के ऐलान पर मचा बवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









