राजनीति

महाराष्ट्र में पुल से नीचे गिरी तेज रफ्तार बस, हादसे में एक महिला की मौत कई यात्री घायल

Maharashtra News : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक निजी बस भीषण हादसे का शिकार हो गई. तेज रफ्तार बस अचानक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में एक महिला यात्री की जान चली गई, जबकि 20 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, निजी बस तेज गति से जा रही थी. इसी दौरान चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन पुल को तोड़ते हुए नीचे जा गिरा. हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए.

स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया, उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल भी मौके पर पहुंचे. इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया.

द्वारका एक्सप्रेसवे पर भी रफ्तार ने ली जान

इससे पहले दिल्ली के द्वारका एक्सप्रेसवे की एयरपोर्ट टनल में भी तेज रफ्तार कार दुर्घटना में एक युवती की जान चली गई थी. पुलिस के मुताबिक, वोक्सवैगन वर्टस करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दौड़ रही थी, जबकि निर्धारित सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा थी. कार दीवार से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का इंजन उखड़कर दूर जा गिरा.

जांच में सामने आया कि चालक ने हादसे से पहले स्पीडोमीटर की तस्वीरें और वीडियो स्नैपचैट पर दोस्तों को भेजे थे. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ इन डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.

केरल में आठ छात्रों की हुई थी मौत

केरल के त्रिशूर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर एक अन्य हादसे में आठ लोगों की जान चली गई थी. पनंबिकुन्नू के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी. कार सवार सभी लोग तमिलनाडु के रहने वाले थे और उनके इंजीनियरिंग के छात्र होने की आशंका जताई गई थी. वे गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर जा रहे थे.

ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में फिर 21 जिलों में आगजनी और बम धमाके, शेख हसीना की वापसी के ऐलान पर मचा बवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button