Bihar News : बिहार की राजधानी पटना में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे एक छात्र की संदिग्ध मौत ने युवाओं पर बढ़ते मानसिक दबाव को एक बार फिर उजागर कर दिया है। यह घटना गांधी मैदान थाना क्षेत्र के सालिमपुर आहरा इलाके में स्थित एक लॉज में हुई, जहां गया जिले का रहने वाला छात्र सौरभ कुमार जेईई की तैयारी कर रहा था।
पटना में रहकर कर रहा था पढ़ाई
सौरभ अपने दो चचेरे भाइयों के साथ पटना में रहकर पढ़ाई कर रहा था। 21 अप्रैल की शाम वह अपने भाइयों के साथ कोचिंग के लिए नहीं गया। जब दोनों भाई वापस लौटे तो उन्होंने उसे कमरे में बंद पाया और काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
फंदे से लटका मिला शव
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे किसी बाहरी व्यक्ति की मौजूदगी की संभावना कम लग रही थी। वेंटिलेटर से झांकने पर सौरभ कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
अत्यधिक दबाव और लगातार मेहनत
तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें छात्र ने पढ़ाई के अत्यधिक दबाव और लगातार मेहनत के बावजूद अपेक्षित परिणाम न मिलने का जिक्र किया था। नोट में उसने लिखा कि इसी तनाव के कारण वह यह कदम उठा रहा है।
छात्रों में भय और चिंता का माहौल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही सौरभ के परिजन पटना पहुंच गए। परिवार ने बताया कि वह पढ़ाई को लेकर गंभीर था और इस तरह का कदम उठाएगा, इसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। इस घटना के बाद लॉज में रहने वाले अन्य छात्रों में भय और चिंता का माहौल है।
ये भी पढ़ें- यूपी में 69 हजार शिक्षक भर्ती पर लखनऊ में प्रदर्शन, विधानसभा घेराव की कोशिश
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









