Uttar Pradeshराज्य

चुनाव से पहले पश्चिमी यूपी में एक्टिव अखिलेश यादव, किसानों को साधने में जुटी सपा

UP News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अखिलेश यादव अब बदली हुई रणनीति के साथ मैदान में उतर चुके हैं. खासकर पश्चिमी यूपी को लेकर उनकी सक्रियता काफी बढ़ गई है. चुनावी अभियान की शुरुआत उन्होंने दादरी में एक विशाल रैली के साथ की, और अब वे सीधे किसानों से संवाद कर अपनी रणनीति को और धार देने जा रहे हैं.

दादरी रैली के बाद अब सपा अध्यक्ष 25 अप्रैल को गाजियाबाद में “किसान संवाद” कार्यक्रम आयोजित करेंगे. इस कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न किसान संगठनों और बड़ी संख्या में किसानों को आमंत्रित किया गया है. इस दौरान अखिलेश यादव ‘विजन इंडिया’ पहल के तहत किसानों से सीधे संवाद करेंगे.

किसानों की बड़ी समस्याओं पर होगी चर्चा

किसान संवाद कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव किसानों की प्रमुख समस्याओं जैसे आय, लागत, और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर विस्तार से चर्चा करेंगे. इसके साथ ही पश्चिमी यूपी के गन्ना और आलू किसानों से जुड़े मुद्दे भी बातचीत का अहम हिस्सा होंगे. सपा सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने किसानों के लिए एक विस्तृत एजेंडा तैयार किया है, जिसमें उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस योजना बनाई गई है.

घोषणापत्र की तैयारी में मदद करेगा संवाद

इस कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ बातचीत तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों से मिले सुझावों के आधार पर समाजवादी पार्टी अपना किसान घोषणापत्र भी तैयार करेगी. इस संवाद में किसानों के साथ-साथ कृषि विशेषज्ञों और सफल किसानों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि जमीनी और व्यावहारिक समाधान सामने आ सकें.

कृषि वैज्ञानिक और AI एक्सपर्ट भी होंगे शामिल

कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने के लिए सपा ने कृषि वैज्ञानिकों और एग्री-टेक/AI विशेषज्ञों को भी आमंत्रित किया है. ये विशेषज्ञ किसानों की समस्याओं को समझकर तकनीकी समाधान और आय बढ़ाने के उपाय सुझाएंगे. साथ ही, सफल किसानों की कहानियों को रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा. इससे पहले समाजवादी पार्टी ने दादरी में एक बड़ी रैली आयोजित की थी, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में किसान पहुंचे थे. यह रैली सपा के लिए एक मजबूत शुरुआत साबित हुई और अब पार्टी उसी ऊर्जा को किसान संवाद के जरिए आगे बढ़ाना चाहती है.

ये भी पढ़ें- वृंदावन पहुंचे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा, संत प्रेमानंद महाराज के किए दर्शन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button