यूटिलिटी न्यूजराष्ट्रीयशिक्षा

भीषण गर्मी का कहर, कई राज्यों में स्कूल टाइमिंग और छुट्टियों में बदलाव

Heatwave Alert : मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। लगातार बढ़ती गर्मी और लू के चलते हालात गंभीर हो सकते हैं। इसी को देखते हुए कई राज्यों में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। कहीं स्कूलों की छुट्टियां घोषित की गई हैं तो कहीं समय में बदलाव किया गया है।

बच्चों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता

छत्तीसगढ़ सरकार ने भीषण गर्मी को देखते हुए सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों में 20 अप्रैल से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

एक घंटे तक स्कूल में रुकने के निर्देश

मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब यहां स्कूल सुबह 7:30 बजे शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगे। वहीं शिक्षकों को अतिरिक्त एक घंटे तक स्कूल में रुकने के निर्देश दिए गए हैं। संभावना है कि आने वाले दिनों में राज्य के अन्य जिलों में भी इसी तरह के बदलाव किए जा सकते हैं।

स्कूलों का समय बदला

ओडिशा के कई जिलों जैसे बलांगीर, सुबरनापुर और कालाहांडी में भी अत्यधिक गर्मी के कारण 18 से 21 अप्रैल तक स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। राज्य में पहले ही स्कूलों का समय बदलकर सुबह 6:30 बजे से 10:30 बजे तक कर दिया गया है, ताकि बच्चे दोपहर की तेज धूप से बच सकें।

स्पेशल क्लास चलाने पर की जाएगी कार्रवाई

केरल सरकार ने भी बढ़ती गर्मी को देखते हुए समर वेकेशन की घोषणा कर दी है। साथ ही शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि छुट्टियों के दौरान किसी भी तरह की स्पेशल क्लास चलाने पर कार्रवाई की जाएगी। कुछ निजी स्कूल संगठनों के निर्देशों के अनुसार, कई राज्यों में प्राइवेट स्कूलों का नया समय लागू किया गया है। इसके तहत कक्षाएं सुबह 6:45 बजे शुरू होकर 11:30 बजे तक चलेंगी, ताकि बच्चों को तेज गर्मी से पहले घर भेजा जा सके।

खुले स्थानों में क्लास लगाने पर रोक

तेलंगाना और उत्तराखंड में बच्चों को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए स्कूलों में समय-समय पर पानी पीने के लिए वॉटर बेल बजाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खुले स्थानों में कक्षाएं लगाने पर रोक लगाई गई है। आंगनवाड़ी केंद्रों में भी बच्चों को जल्दी छुट्टी देने के आदेश जारी हुए हैं।

उत्तर प्रदेश में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस

उत्तर प्रदेश में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षक संगठनों ने स्कूलों का समय बदलने की मांग की है। फिलहाल यूपी में स्कूल सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चल रहे हैं, लेकिन मांग है कि इसे सुबह 7:30 बजे से 12:30 बजे तक किया जाए। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच देशभर में स्कूलों को लेकर अलग-अलग राज्यों की ओर से उठाए गए ये कदम बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- उत्तराखंड में महसूस किए गए भूकंप के झटके, 3 बार हिली धरती, लोगों में दहशत का माहौल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button